एसएसपी देहरादून ने घटनास्थल का लिया जायजा, (फोटो साभार: अमर उजाला)
उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में ओवरटेक विवाद इतना बढ़ गया, कि कार सवार दबंग सड़कों पर गोलियां चलाने लगे। फायरिंग की इस घटना में मॉर्निग वाक पर निकले रिटायर ब्रिगेडियर को गोली लग गई। जिसके बाद उन्हें आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इस घटना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, सोमवार (30 मार्च 2026) की सुबह मसूरी रोड पर मालसी क्षेत्र के पास दो कार सवारों के बीच रास्ता न देने को लेकर शुरू हुआ विवाद गोलीबारी तक पहुंच गया। इस दौरान एक कार सवार बदमाशों द्वारा दूसरी कार को रोकने के उद्देश्य से फायरिंग की गई, लेकिन गोली सड़क किनारे चल रहे रिटायर्ड ब्रिगेडियर मुकेश जोशी को लग गई।
पुलिस के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 6:50 बजे कंट्रोल रूम को जोहड़ी गांव के पास फायरिंग की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस महकमे के उच्च अधिकारियों को घटना से अवगत कराया गया। एसएसपी देहरादून, एसपी सिटी सहित राजपुर थाना पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। इस वारदात से इलाके में दहशत का माहौल बन गया है।
#WATCH | Dehradun | Retired Army Brigadier VK Joshi allegedly shot dead in Rajpur area
According to officials at the scene, the firing broke out during an argument between people travelling in two vehicles, and a stray bullet hit the Brigadier while he was out for a walk.… pic.twitter.com/AD7R07Mjmt
— ANI (@ANI) March 30, 2026
प्राथमिक जांच में सामने आया है, कि मसूरी रोड पर एक दिल्ली नंबर की फॉर्च्यूनर कार और एक स्कॉर्पियो कार चालकों के बीच ओवरटेकिंग को लेकर बहस हो गई। देखते ही देखते यह मामूली विवाद झड़प में तब्दील हो गया। आरोप है, कि स्कॉर्पियो में सवार दबंगो ने फॉर्च्यूनर कार का पीछा किया और उसे रुकवाने के उद्देश्य से फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार, फायरिंग के दौरान सड़क किनारे मॉर्निंग वॉक कर रहे 70 वर्षीय रिटायर्ड ब्रिगेडियर वीके जोशी को गोली लग गई। घायल अवस्था में उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के दौरान फॉर्च्यूनर वाहन जोहड़ी गांव स्थित राजकीय प्राथमिक विद्यालय के पास अनियंत्रित होकर एक पेड़ से टकरा गया।
आरोप है, कि फायरिंग के बाद स्कॉर्पियो में सवार बदमाशों ने फॉर्च्यूनर कार में मौजूद लोगों के साथ मारपीट की और वाहन को क्षतिग्रस्त कर दिया। इस हमले में फॉर्च्यूनर में सवार दो लोग घायल हो गए जिन्हें उनके साथियों द्वारा अस्पताल में भर्ती कराया गया। वारदात को अंजाम देने के बाद स्कॉर्पियो सवार सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
वहीं मामले की गंभीरता को देखते हुए दून पुलिस ने तत्काल जिलेभर में नाकेबंदी कर दी है। संदिग्ध वाहनों की सघन चेकिंग शुरू कर दी गई है। इसके अलावा घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके।
एसएसपी देहरादून प्रमेंद्र डोबाल ने बताया, “जोहड़ी गांव के पास ओवरटेकिंग और फायरिंग की घटना हुई है। पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर घायलों और प्रत्यक्षदर्शियों से घटना की जानकारी ली। यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण घटना है, जिसमें एक निर्दोष व्यक्ति की जान चली गई। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।”
कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने फायरिंग की घटना में रिटायर्ड ब्रिगेडियर मुकेश जोशी की मौत पर गहरा शोक व्यक्त किया है। मंत्री गणेश जोशी घटना के बाद मैक्स अस्पताल पहुंचे, जहां उन्होंने शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। इस दौरान उन्होंने पुलिस अधिकारियों को आरोपियों के खिलाफ शीघ्र और कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
इस घटना के बाद रिटायर्ड फौजी अफसर के घर में शोक की लहर तो स्थानीय लोगों में बेहद आक्रोश है। लोगों का कहना है, कि उनके क्षेत्र में 10 सालों से वेरिफिकेशन तक नहीं हुआ है। लोगों ने ये भी आरोप लगाया, कि जहां पुलिस खड़ी रहती है उसके थोड़ी ही दूरी पर ड्रग्स का काला धंधा धड़ल्ले से चलता है, लेकिन पुलिस कोई कार्रवाई नहीं करती है।
