मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार
भारतीय निर्वाचन आयोग ने आज देश के चार प्रमुख राज्यों और एक केंद्रशासित प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनावों के तारीखों की घोषणा कर दी है। इनमें केरल, असम और पुडुचेरी में 09 अप्रैल 2026 को मतदान होना है। वहीं तमिलनाडु में 23 अप्रैल और पश्चिम बंगाल में 23 अप्रैल और 29 अप्रैल 2026 को दो चरणों में मतदान होगा। वहीं नतीजे 4 मई 2026 को घोषित किए जाएँगे।
मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार और निर्वाचन आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी द्वारा रविवार (15 मार्च 2026) को प्रेस वार्ता में बताया गया, कि इन 5 राज्यों में कुल 218870 पोलिंग स्टेशन बनाए गए हैं। सभी स्टेशन पर कुल 25 लाख चुनाव अधिकारी और 8.5 लाख सुरक्षाकर्मी नियुक्त किए जाएँगे। वहीं वोटों की गिनती के लिए 40 हजार कर्मचारियों की तैनाती की जाएगी।
Election Commission of India announces dates for Assembly elections in 5 states/UTs.
1. Assam- Date of Polling- 9th April; Date of Counting 4th May
2. Tamil Nadu- Date of Polling- 23rd April; Date of Counting- 4th May
3. West Bengal- Date of Polling- 23rd April (1st phase),… pic.twitter.com/wiM3u6FhIc
— ANI (@ANI) March 15, 2026
पाँच राज्यों का चुनावी कार्यक्रम :-
पश्चिम बंगाल (294 सीटें, बहुमत 148)
पश्चिम बंगाल में इस बार विधानसभा चुनाव दो चरणों में संपन्न होगा। पहले चरण में 152 सीटों पर 23 अप्रैल को मतदान होगा। इसके लिए अधिसूचना 30 मार्च को जारी होगी, 6 अप्रैल तक नामांकन, 7 अप्रैल को जाँच और 9 अप्रैल तक नाम वापसी की प्रक्रिया होगी।
असम (126 सीटें, बहुमत 64)
अधिसूचना 16 मार्च को जारी होगी। नामांकन की अंतिम तिथि 23 मार्च है। जबकि, नामांकन पत्रों की जांच 24 मार्च को होगी और नाम वापसी की आखिरी तारीख 26 मार्च निर्धारित की गई है। राज्य में मतदान 9 अप्रैल को होगा, जबकि नतीजे 4 मई को घोषित किए जाएँगे।
तमिलनाडु (234 सीटें, बहुमत 118)
तमिलनाडु में अधिसूचना 30 मार्च को जारी होगी। नामांकन की आखिरी तारीख 6 अप्रैल है। 7 अप्रैल को नामांकन पत्रों की जाँच होगी और 9 अप्रैल तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। यहाँ मतदान 23 अप्रैल को होगा और नतीजे 4 मई को आएँगे।
केरल (140 सीटें, बहुमत 71)
केरल में भी चुनाव कार्यक्रम असम और पुडुचेरी जैसा ही है। अधिसूचना 16 मार्च को जारी होगी। 23 मार्च तक नामांकन किया जा सकेगा, 24 मार्च को जाँच होगी और 26 मार्च नाम वापसी की आखिरी तारीख होगी। मतदान 9 अप्रैल को होगा और नतीजे 4 मई को घोषित किए जाएँगे।
पुडुचेरी (30 सीटें, बहुमत 16)
यहाँ भी अधिसूचना 16 मार्च को जारी होगी। नामांकन की आखिरी तारीख 23 मार्च है। 24 मार्च को नामांकन पत्रों की जाँच होगी और 26 मार्च तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। मतदान 9 अप्रैल को होगा और नतीजे 4 मई को आएँगे।
प्रेस वार्ता के दौरान मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने विशेष मतदाता सूची संशोधन के उद्देश्य को समझाते हुए कहा, “किसी भी लोकतंत्र की नींव शुद्ध मतदाता सूची होती है। इसी उद्देश्य से संविधान के अनुच्छेद 326 के तहत विशेष गहन संशोधन किया जा रहा है, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके, कि कोई भी पात्र मतदाता छूट न जाए और कोई भी अपात्र व्यक्ति मतदाता सूची में शामिल न हो।”
गौरतलब है, कि आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर आयोग इस बार मतदाताओं की सुविधा और पारदर्शिता बढ़ाने के लिए कुछ नई व्यवस्थाएँ लागू करने जा रहा हैं। मतदान केंद्रों पर मोबाइल फोन जमा करने की सुविधा दी जाएगी। साथ ही EVM के बैलेट पेपर पर उम्मीदवारों की रंगीन फोटो और उनका नाम बड़े अक्षरों में दिखाई देगा, ताकि मतदाताओं को पहचानने में आसानी हो।
इसके अलावा प्रत्येक मतदान केंद्र पर अधिकतम 1200 मतदाताओं की सीमा तय की गई है और मतदान केंद्र से 100 मीटर के बाहर उम्मीदवारों को अपना बूथ लगाने की अनुमति होगी। मतदाताओं को दी जाने वाली सूचना पर्ची को पहले से ज्यादा स्पष्ट और बेहतर बनाया गया है। निगरानी को मजबूत बनाने के लिए सभी मतदान केंद्रों पर 100% वेबकास्टिंग की व्यवस्था की जाएगी।
