सांकेतिक चित्र
उत्तराखंड में मौसम का मिजाज अचानक बदल गया है। पहाड़ से लेकर मैदानी जिलों के अधिकांश इलाकों में बादल छाए हुए है। आज कई जिलों में झमाझम बारिश के आसार जताए गए हैं। वहीं आकाशीय बिजली चमकने और 3500 से अधिक ऊंचाई वाले स्थानों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है। जिसको लेकर मौसम विभाग ने येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
देहरादून स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता के कारण रविवार 15 मार्च को प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश, ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी और बिजली चमकने की संभावना है। जबकि हरिद्वार और उधम सिंह नगर जिलों में भी हल्की बारिश के आसार है, जिससे तापमान में गिरावट और ठंड का एहसास एक बार फिर से बढ़ सकता है।
उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जनपदों में कहीं-कहीं बारिश की संभावना जताई गई है। साथ ही मौसम विभाग ने बारिश गरज और आकाशीय बिजली चमकने के साथ ही झोंकेदार हवाएं (40-50 किमी प्रति घंटा तक) चलने की संभावना जताई है। जिसके लिए मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
दिनांक 14.03.2026 को जारी उत्तराखंड राज्य हेतु मौसम पूर्वानुमान एवं चेतावनी pic.twitter.com/vm0TSRejb5
— Meteorological Centre Dehradun (@mcdehradun) March 14, 2026
मौसम विभाग के अनुसार, रविवार 15 मार्च को राज्य के सभी पर्वतीय और मैदानी जिलों में मौसम खराब रहने वाला है। आज पूरा दिन आसमान में बादल छाए रहेंगे। जबकि मैदानी क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर निकलने वाली धूप में तीखापन नहीं होगा और पहाड़ों से चलने वाली हवाएं सर्द होगी जो पहाड़ों पर हो रही बर्फबारी का एहसास कराएंगी।
वहीं राजधानी देहरादून और आसपास के इलाकों में आज आसमान में बादल छाए रहने की संभावना है। कुछ जगहों पर हल्की बारिश या बूंदाबांदी भी हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, इस दौरान तेज हवाएं भी चल सकती हैं, जिससे मौसम ठंडा महसूस हो सकता है। मौसम विभाग ने लोगों को बदलते मौसम के बीच सतर्क रहने की सलाह दी है।
