प्रतीकात्मक चित्र, (फोटो साभार: freepik.com)
तेलंगाना राज्य की राजधानी स्थित पोचाराम इलाके से एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। दरअसल, यहां एक युवक ने शादी का प्रस्ताव अस्वीकार करने पर युवती को कथित तौर पर HIV संक्रमित सिरिंज से हमला कर घायल कर दिया। पुलिस ने आरोपित युवक को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, आरोपी युवक और पीड़िता की शादी उनके परिवारों ने तय की थी, लेकिन शादी तय होने के कुछ दिनों बाद युवती को पता चला, कि युवक और उसके माता-पिता ‘एड्स’ (AIDS) से पीड़ित है। यह जानकारी मिलते ही युवती ने शादी करने से साफ इंकार कर दिया। इस बात को लेकर दोनों के बीच जमकर बहस भी हुई थी।
बताया जा रहा है, कि शादी टूटने से नाराज युवक बीते बुधवार 11 मार्च को युवती के घर पहुंचा और उस पर शादी के लिए दबाव बनाने लगा। विवाद के दौरान जब युवती अपने फैसले पर अडिग रही, तो युवक ने गुस्से में आकर कथित तौर पर संक्रमित खून वाली सिरिंज से युवती पर हमला कर दिया।
इस घटना के कुछ समय बाद युवती का स्वास्थ्य बिगड़ने लगा, जिसके बाद परिजन उसे तुरंत अस्पताल ले गए। मेडिकल जांच के दौरान डॉक्टरों को इंजेक्शन के निशान मिले और संक्रमण का शक हुआ, जिसके बाद इस घिनौनी साजिश का खुलासा हुआ। फिलहाल पीड़िता का अस्पताल में इलाज चल रहा है और डॉक्टर उसकी स्थिति पर लगातार नजर बनाये हुए है।
रिपोएर्टस के मुताबिक, पोचाराम पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया है। फिलहाल पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है, कि आरोपी ने संक्रमित सिरिंज कहां से हासिल की थी और इस पूरी घटना को कैसे अंजाम दिया।
