वायरल गर्ल मोनालिसा, (फोटो साभार - /इंस्टाग्राम sanojmishra )
महाकुंभ में माला बेचते हुए अपनी खूबसूरत आँखों की वजह से वायरल हुई मोनालिसा एक बार फिर सुर्खियों में हैं। दरअसल, इस बार मोनालिसा अपनी शादी को लेकर चर्चा में हैं। उन्होंने केरल के पूवर के पास अरुमनूर स्थित नयनार मंदिर में अपने ब्वॉयफ्रेंड फरमान खान से शादी कर ली है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मोनालिसा ने अपने मुस्लिम बॉयफ्रेंड फरमान खान से परिवार की मर्जी के खिलाफ शादी कर ली है। वहीं, इस पूरे मामले को लेकर सोशल मीडिया पर भी बहस छिड़ गई है। इस खबर के सामने आने के बाद उन्हें फिल्म में लॉन्च करने का ऐलान करने वाले निर्देशक और स्क्रिप्ट राइटर सनोज मिश्रा ने उनकी शादी को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दी है।
सनोज मिश्रा ने सोशल मीडिया पर लंबी पोस्ट लिखते हुए मोनालिसा के इस कदम को ‘बगावत नहीं, लव जिहाद’ बताया है। सनोज मिश्रा ने आरोप लगाए है, कि पैसों के लालच में मोनालिसा को गलत दिशा में ले जाया गया और यह पूरा मामला एक साजिश का हिस्सा हो सकता है।
दूसरी ओर, मोनालिसा के परिवार ने भी इस शादी पर नाराजगी जताई है। परिवार का कहना है, कि उन्हें एक्टिंग सिखाने के नाम पर केरल बुलाया गया था, लेकिन बाद में अचानक शादी की खबर सामने आ गई। मोनालिसा के पिता ने इसे बड़ी साजिश बताया है। उन्होंने कहा, कि उन्हें यकीन नहीं हो रहा है, कैसे उनकी बेटी घरवालों के खिलाफ चली गई।
वहीं दूसरी ओर विश्व हिंदू परिषद ने इस शादी के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। वीएचपी का दावा है, कि मोनालिसा की मां ने उनकी उम्र 17 साल बताई है। संगठन ने इस मामले में पॉक्सो और बाल विवाह कानून के तहत कार्रवाई की मांग की है। विश्व हिंदू परिषद ने केरल के डीजीपी और पूवर एसएचओ को शिकायत सौंपकर उचित कार्रवाई की मांग की है।
बताया जा रहा है, कि फरमान उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के रहने वाले हैं और कई खबरों के अनुसार, वो अभिनेता और मॉडल हैं। शादी के बाद प्रेस से बात करते हुए मोनालिसा ने बताया था, कि उन्होंने फरमान को छह महीने तक डेट किया था। वे सोशल मीडिया के जरिए दोस्त बने और बाद में उनकी मुलाकात एक फिल्म के सेट पर हुई थी।
