सांकेतिक चित्र
मिडिल ईस्ट में बढ़ते सैन्य संघर्ष के बीच घरेलू रसोई गैस सिलेंडर के दामों में बढ़ोतरी की गई हैं। 14.2 किलो वाले घरेलू गैस सिलेंडर की कीमत में 60 रुपए की बढ़ोतरी की गई है, जबकि 19 किलो वाले कमर्शियल सिलेंडर की कीमत 115 रुपए बढ़ा दी गई है। नई कीमतें शनिवार (7 मार्च 2026) से लागू हो गई हैं।
इस बढ़ोतरी के बाद दिल्ली में अब 14.2 किलो वाला घरेलू एलपीजी सिलेंडर 913 रुपए में मिलेगा, जो पहले 853 रुपए का था। कोलकाता में इसकी कीमत 879 रुपए से बढ़कर 939 रुपए हो गई है। वहीं, चेन्नई में यह 868.50 रुपए से बढ़कर 928.50 रुपए हो गया है। उल्लेखनीय है, कि घरेलू LPG सिलेंडर की कीमतों में अप्रैल 2025 के बाद पहली बार बढ़ोतरी की गई है।
इसी क्रम में कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमतों में भी बड़ा इजाफा हुआ है। 19 किलो वाले कमर्शियल सिलेंडर के दाम 115 रुपए बढ़ाए गए हैं। दिल्ली में इसकी कीमत अब 1,883 रुपए हो गई है, जबकि मुंबई में यह 1835 रुपए में मिलेगा। कोलकाता में इसकी कीमत 1875.50 रुपए से बढ़कर 1990 रुपए हो गई है और चेन्नई में अब यह 2043.50 रुपए का हो गया है।
बता दें, कि कमर्शियल सिलेंडर के दामों में यह बढ़ोतरी बीते सात दिनों में दूसरी बार हुई है। इससे पहले 1 मार्च को भी इसकी कीमतों में 28 से 31 रुपए तक की बढ़ोतरी की गई थी। कीमतों में लगातार बढ़ोतरी का सीधा प्रभाव होटल, रेस्टोरेंट और छोटे कारोबारों पर पड़ सकता है, क्योंकि इन जगहों पर बड़े पैमाने पर कमर्शियल सिलेंडर का उपयोग किया जाता है।
आर्थिक मुद्दों पर नजर रखने वाले विशेषज्ञों का मानना है, कि मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव और तेल आपूर्ति को लेकर बनी अनिश्चितता के चलते अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेजी से इजाफा हुआ है। इसका असर आने वाले वक्त में ईंधन और गैस की कीमतों पर भी पड़ सकता है।
