केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और सीएम धामी
केंद्रीय गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह आज शनिवार को हरिद्वार पहुंचे। उन्होंने मंच से हाथ हिलाकर जनता का अभिवादन किया। कार्यक्रम में 2000 पुलिस आरक्षीयों को नियुक्ति प्रमाण पत्र दिए गए। इस दौरान अमित शाह ने सीएए के तहत पाकिस्तानी हिंदुओं को नागरिकता प्रमाण पत्र दिये। इसके बाद उन्होंने 1100 करोड़ से अधिक लागत की विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया।
उत्तराखंड सरकार के चार साल पूरे होने पर आयोजित कार्यक्रम में पहुंचे गृहमंत्री अमित शाह ने जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम धामी की जमकर तारीफ की। अपने संबोधन में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने कई बार सीएम धामी की तारीफों के पुल बांधे। अमित शाह ने कहा, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एक-एक समस्या को चुन-चुन कर समाप्त करने का कार्य किया है।
केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह ने मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के सुशासन के बारे में कहे ये शब्द।#Haridwar#Uttarakhand pic.twitter.com/nIruui8jx9
— Uttarakhand DIPR (@DIPR_UK) March 7, 2026
अमित शाह ने कहा, उत्तराखंड में धामी जी ने लगभग 10 हजार से ज्यादा अतिक्रमण उखाड़कर फेंक दिए हैं। उन्होंने कहा, उत्तराखंड में बनाया गया नकल विरोधी कानून रोजगार के क्षेत्र में पारदर्शिता लाने में महत्वपूर्ण साबित हुआ है।
अमित शाह ने रोजगार पर भी सीएम धामी के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा, आज 1900 युवाओं को पुलिस आरक्षी के पद पर नियुक्ति मिली है। उन्होंने कहा, अगर आज कांग्रेस की सरकार होती, तो उन्हें यह नौकरी नहीं मिलती। उस समय ‘पर्ची’ और ‘खर्ची’ दोनों चलती थीं, अब रिश्वत नहीं देनी पड़ती है।
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने यूसीसी लागू करने पर सीएम धामी को बधाई देते हुए कहा, सबको एक ही कानून से रहना होगा। यूसीसी ही जनसांख्यिकी अप्राकृतिक त्रुटि को दूर करने का काम करेगा। घुसपैठियों को लेकर अमित शाह ने कहा, कि जो देश का नागरिक नहीं, उसे बाहर किया जाएगा। केंद्रीय गृहमंत्री ने कहा, कि घुसपैठ को भारत से बाहर निकालेंगे।
उन्होंने कहा, कि आज पाकिस्तान और अफ़ग़ानिस्तान के हिंदुओं को नागरिकता दी गयी। इस देश में हमारे जो हिंदू शरणार्थी आये हैं इस देश पर उनका उतना ही अधिकार है जितना नरेंद्र मोदी का अधिकार है। आजादी के बाद से इन लोगों को नागरिता से वंचित किया गया। ढेरों यातनाएं सहकर आये हैं। केंद्रीय गृह मंत्री ने कहा, कि हमारी सरकार इन शरणार्थियों को नागरिकता देकर रहेंगे।
