सांकेतिक चित्र
नैनीताल जिले के हल्द्वानी स्थित बनभूलपुरा एक बार फिर सुर्खियों में है। दरअसल, ‘ऑपरेशन क्रैक डाउन’ के तहत जारी सत्यापन अभियान के दौरान पुलिस ने शिक्षा विभाग के बर्खास्त कर्मचारी के घर से दो तमंचे और 17 अवैध कारतूस बरामद किये है। आरोपित के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
नैनीताल एसएसपी के आदेश पर जनपद में जारी सघन चेकिंग अभियान के दौरान बनभूलपुरा पुलिस के हाथ बड़ी कामयाबी लगी है। मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने एक घर से दो तमंचे व 17 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। अवैध हथियारों को रखने के आरोप में शिक्षा विभाग से बर्खास्त 60 वर्षीय मोबिन खान को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, सोमवार देर शाम चेकिंग अभियान के दौरान टीम को खुफिया सूचना मिली, कि गौजाजाली उत्तर क्षेत्र निवासी एक शख्स अपने घर में अवैध तमंचा रखे हुए है। ये शख्स परिजनों को धमकाकर झगड़ा करता है। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और निकट आयशा मस्जिद निवासी मोबिन खान के घर पर परिजनों की मौजूदगी में तलाशी ली।
गौरतलब है, कि मोबिन खान के घर की तलाशी के दौरान पुलिस भी हैरान रह गई। आरोपित के घर से एक 315 बोर तमंचा, दो कारतूस 315 बोर, एक 12 बोर तमंचा, चार कारतूस 12 बोर, एक कारतूस 7.62 बोर जो कि एके 47 में प्रयोग होता है। तलाशी के दौरान एक डिब्बे में रखे दस कारतूस 7.65 बोर बरामद किए गए।
आरोपित के खिलाफ 3/25 आर्म्स एक्ट और 7/25(1-क) आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। जांच में यह भी पता चला है, कि मोबिन खान के खिलाफ थाना मुखानी में पूर्व में पॉक्सो समेत गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज था। उक्त मामले में उसे सात वर्ष की सजा सुनाई गई थी। मामला वर्तमान में उच्च न्यायालय में अपील पर है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपित की मानसिक स्थिति भी संदिग्ध लग रही है और उसने मौके पर आत्महत्या जैसी हरकत करने की कोशिश भी की। पुलिस अब आरोपित से पूछताछ कर रही है कि प्रतिबंधित कारतूस कहां से आया और इसका इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जाना था।
नैनीताल के एसएसपी डॉ मंजूनाथ टीसी ने कहा, कि मुख्यमंत्री के आदेश पर जिले में सत्यापन अभियान चलाया जा रहा है। सोमवार को नैनीताल पुलिस को जानकारी मिली थी, कि एक आपराधिक प्रवृति शख्स जो कोर्ट से सजायाफ्ता है, उसके पास अवैध हथियार हैं। मोबिन खान के घर पर छापेमारी की कार्रवाई के दौरान अवैध हथियार और कारतूस मिले हैं।
नैनीताल एसएसपी ने बताया, कि मोबिन खान शिक्षा विभाग से बर्खास्त कर्मचारी है। वर्ष 2017 में पॉक्सो एक्ट मामले में आरोपित अदालत से सजायाफ्ता है और हाईकोर्ट में अपील पर बेल आउट है। उन्होंने कहा, कि हमारी टेक्निकल टीम इससे पूछताछ करते हुए ये पता लगाएगी, कि इतनी बड़ी मात्रा में अवैध असलहे ये कहां से और किस प्रयोजन से लाया था।

