केदारनाथ धाम
महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर आज बाबा केदार के शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर में परंपरागत पूजा-अर्चना के बाद पंचांग गणना कर कपाट खुलने की तिथि और समय की घोषणा की गई है। इस वर्ष केदारनाथ मंदिर के कपाट 22 अप्रैल 2026 को प्रात:काल 08:00 बजे वृष लग्न में खुलेंगे।
महाशिवरात्रि पर्व के शुभ अवसर पर श्री ओंकारेश्वर मंदिर उखीमठ को साढ़े नौ क्विंटल फूलों से सजाया गया था। सैकड़ों श्रद्धालुओं की उपस्थिति में जय श्री केदार के उदघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा। रविवार सुबह मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना के बाद मंदिर के कपाट खुलने का मुहूर्त सार्वजनिक किया गया।
श्री केदारनाथ धाम के कपाट खुलने की जानकारी देते हुए केदारनाथ के रावल भीमाशंकर लिंग। pic.twitter.com/oN9W1gF5Tv
— Uttarakhand DIPR (@DIPR_UK) February 15, 2026
शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ में विद्वान आचार्यों व हक-हकूकधारियों की उपस्थिति में बाबा केदार की पंचमुखी डोली के धाम प्रस्थान का कार्यक्रम भी जारी किया गया। बीकेटीसी मीडिया प्रभारी डॉ हरीश गौड़ ने बताया, “श्री ओंकारेश्वर मंदिर उखीमठ में 18 अप्रैल को भैरवनाथ जी की पूजा अर्चना संपन्न हो जाएगी।
उन्होंने बताया, कि भगवान केदारनाथ जी की पंचमुखी डोली शीतकालीन गद्दी स्थल श्री ओंकारेश्वर मंदिर उखीमठ से 19 अप्रैल को फाटा के लिए प्रस्थान करेगी। 20 अप्रैल को दूसरे पड़ाव गौरीकुंड तथा 21 अप्रैल को पंचमुखी डोली श्री केदारनाथ धाम पहुंच जाएगी। इसी क्रम में 22 अप्रैल को प्रात: 8 बजे इस यात्रा वर्ष के लिए श्री केदारनाथ धाम के कपाट खोल दिए जाएंगे।

