दून पुलिस की बदमाशों के साथ मुठभेड़, (फोटो साभार : X@DehradunPolice)
राजधानी देहरादून स्थित तिब्बती मार्केट में बीते बुधवार हुए अर्जुन हत्याकांड में दून पुलिस के हाथ बड़ी कामयाबी लगी है। गुरुवार तड़के पुलिस ने दो बदमाशों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। नाकेबंदी व चेकिंग के दौरान रायपुर थाना क्षेत्र में लाडपुर के जंगल में आरोपित ने पुलिस पर फायरिंग की। वहीं दूसरे बदमाश के साथ पुलिस की लालतप्पड़ क्षेत्र में मुठभेड़ हुई।
पुलिस के मुताबिक, मुठभेड़ के दौरान दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी, जिसके बाद पुलिस ने दोनों घायल बदमाशों को इलाज के लिए कोरोनेशन अस्पताल में भर्ती कराया। गिरफ्तार बदमाशों के कब्जे से दो देसी तमंचे और वारदात में इस्तेमाल स्कूटी बरामद की गई है। पूछताछ में बदमाशों ने तिब्बती मार्केट में हुई हत्या को अंजाम देने की बात कबूल की है।
देहरादून पुलिस ने तिब्बती मार्केट के सामने हुए हत्याकांड को अंजाम देने वाले 02 बदमाशो अलग-अलग थाना क्षेत्र मे चेकिंग के दौरान पुलिस से हुई मुठभेड़ मे किया गिरफ्तार बदमाशो ने पुलिस टीम पर करी Firing,आत्मरक्षा मे की जवाबी फायरिंग मे बदमाश हुए घायल,02 देशी तमंचे वह एक स्कूटी बरामद, pic.twitter.com/3iUv52ZvrQ
— Dehradun Police Uttarakhand (@DehradunPolice) February 12, 2026
वहीं मुठभेड़ की घटना के बाद देहरादून एसएसपी अजय सिंह भी अस्पताल पहुंचे। एसएसपी ने बताया, कि देहरादून पुलिस ने हत्याकांड में अलग-अलग जगहों पर हुई मुठभेड़ के बाद बदमाशों को गिरफ्तार किया है। फायरिंग में दोनों बदमाशों को गोली लगी है। बदमाशों को अलग-अलग थाना क्षेत्र में चेकिंग के दौरान हुई पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार किया गया है।
बता दें, कि तिब्बती मार्केट में बुधवार, 11 फरवरी को गैस एजेंसी मालिक की बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। घटना को देखते हुए एसएसपी अजय सिंह के निर्देश पर जनपद देहरादून में सभी थाना क्षेत्र में बदमाशों की धरपकड़ के लिए शहर से देहात तक लगातार नाकेबंदी व सघन चेकिंग कर चलाया गया।
गुरुवार तड़के चेकिंग के दौरान स्कूटी सवार बदमाश ने लालतप्पड़ पुलिस चौकी पर पुलिस के रोकने पर वापस पीछे भागकर खंडर फैक्ट्री मे घुसकर पुलिस पार्टी पर फायरिंग शुरू दी। मुठभेड़ मे एक बदमाश गिरफ्तार किया गया। वहीं दूसरे बदमाश के साथ पुलिस की लालतप्पड़ क्षेत्र में मुठभेड़ हुई।

