देहरादून में युवती की बेहरमी से हत्या, (फोटो साभार :X@Indiatimesgroup
राजधानी देहरादून में युवती की निर्मम हत्या से हड़कंप मच गया। यह सनसनीखेज वारदात सोमवार की सुबह पल्टन बाजार स्थित मच्छी बाजार में घटित हुई। बताया जा रहा है, युवती घर से निकली ही थी, कि इसी दौरान एक बाइक सवार युवक उसे रोककर बात करने लगा। बातचीत के दौरान उसने चापड़ निकालकर युवती के गले पर वार कर दिया। जिससे युवती की मौके पर ही मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, दून शहर के नगर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत मच्छी बाजार इलाके में एक 23 वर्षीय युवती का निर्मम हत्या कर दी गई। गंभीर रूप से घायल युवती को उपचार के लिए तत्काल दून अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सको द्वारा युवती को मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस टीम द्वारा उक्त घटना को अजांम देने वाले युवक को कोतवाली नगर क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया।
मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक, युवती का गला इतनी बुरी तरह कट गया, कि वो हमला होते ही जमीन पर गिर गई। घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है। इस जघन्य हत्याकांड के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। इस घटना के विरोध में इलाके के बाजार की सभी दुकानें बंद हो गई हैं।
पुलिस ने बताया, कि कोतवाली नगर क्षेत्रान्तर्गत मच्छी बाजार के अंदर दूल्हा मार्केट के पास गली में एक युवक द्वारा एक युवती को धारदार हथियार से हमला कर गंभीर रूप से घायल किया गया। उसको उपचार हेतु तत्काल दून चिकित्सालय ले जाया गया, जहां चिकित्सकों द्वारा युवती को मृत घोषित कर दिया गया। प्रकरण में अग्रिम आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
दून पुलिस ने कहा, कोतवाली क्षेत्र में हुई युवती की हत्या की घटना में कतिपय लोगों द्वारा सोशल मीडिया के माध्यम से युवती की फोटो तथा वीडियों को प्रचारित/प्रसारित किया जा रहा है। जिस पर युवती के परिजनों तथा क्षेत्र के संभ्रांत व्यक्तियों/व्यापार मण्डल के पदाधिकारियों द्वारा आपत्ति व्यक्त करते हुए ऐसे लोगो के विरुद्ध कानूनी कार्यवाही किए जाने की अपील पुलिस से की गई है।
— Dehradun Police Uttarakhand (@DehradunPolice) February 2, 2026
पुलिस ने अपील करते हुए कहा, कि घटना से सम्बन्धित फोटो/ वीडियो को प्रचारित/प्रसारित कर किसी की भावनाओं को आहत न करें। यदि किसी व्यक्ति द्वारा जानबूझकर भावनाओं को आहत करने अथवा कानून व्यवस्था को प्रभावित करने के लिये उक्त फोटो / वीडियों को प्रचारित/प्रसारित किया जाता है तो उसके विरूद्ध सख्त कानूनी कार्यवाही की जायेगी।
वहीं पुलिस की पूछताछ में सामने आया है, हत्यारोपी आकाश कुमार एक लंबे वक्त से युवती का पीछा कर रहा था। इस बात को लेकर दोनों के बीच कुछ दिनों पहले तीखी बहस भी हुई थी। बताया जा रहा है, कि आरोपी ने कुछ दिन पहले युवती को धमकी दी थी। इस संबंध में युवती ने खुड़बुड़ा चौकी में शिकायत भी दर्ज कराई, लेकिन पुलिस के उदासीन रवैए के चलते कोई कार्रवाई नहीं हुई।
पुलिस द्वारा इस मामले बरती गई लापरवाही से आरोपी के हौसले बुलंद हो गए। पीड़िता की शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं होने पर आरोपित के दिल से पुलिस का खौफ भी मिट गया। पुलिस की प्राथमिक जांच में सामने आया है, कि युवती और हत्यारपी के बीच पहले मित्रता थी, हालांकि जब आकाश की शादी हो गई, तो युवती ने उससे बातचीत बंद कर दी थी।
इसके बावजूद आकाश उसका पीछा करता रहता था। दो दिन पहले उसने गुंजन को धमकी दी, तो उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, लेकिन पुलिस के सुस्त रवैये के चलते आखिरकार आरोपी आकाश ने गुंजन को मोत के घाट उतार दिया। जानकारी के लिए बता दें, कि देहरादून जिले में बीते पांच दिनों के अंदर एक महिला और दो युवतियों का मर्डर हो चुका है।
