सांकेतिक चित्र
उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले से एक बेहद हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है, जिसने सबको अचंभित कर दिया। दरअसल, सुहागरात के दिन दुल्हन को अचानक पेट दर्द उठा और कुछ ही घंटों बाद घर में किलकारियां गूंजने लगी। दुल्हन के सुहागरात पर मां बनने की खबर से पूरा गांव हैरान रह गया। इस घटना की पूरे इलाके में खूब चर्चा हो रही है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, रामपुर जिले के अजीमनगर थाना क्षेत्र के एक गांव में निकाह के महज कुछ घंटों बाद ही दुल्हन ने बच्ची को जन्म दिया। सुहागरात से पहले ही घर में नवजात की किलकारियां गूंजने न सिर्फ दूल्हे के परिजन बल्कि पूरे गांव के लोग स्तब्ध रह गए। दरअसल, कुम्हरिया गांव निवासी युवक का रिश्ता बहादुरगंज गांव की युवती से तय हुआ था।
बताया जा रहा है, कि दोनों के बीच पहले से अफेयर चल रहा था और दोनों परिवारों में शादी को लेकर बातचीत भी चल रही थी। इसी बीच कुछ दिनों पहले युवती अचानक अजीमनगर चौकी पहुंची और पुलिस के सामने प्रेमी से शादी कराने की मांग की। इसके बाद ग्राम प्रधान और परिवार की मौजूदगी में आपसी सहमति से समझौता हुआ और शादी तारीख तय कर दी गई।
बीते शनिवार शाम युवक ने परंपरागत रीति-रिवाजों के साथ अपनी प्रेमिका के साथ निकाह किया और देर शाम दुल्हन की विदाई के बाद उसे अपने घर ले आया। वहीं घर में शादी का खुमार अभी पूरी तरह से उतरा भी नहीं था, कि आधी रात को अचानक दुल्हन को पेट दर्द होने लगा। पहले परिजनों ने इसे शादी की थकान समझा, लेकिन दर्द बढ़ने पर घर में अफरा-तफरी मच गई।
इसके बाद आनन-फानन में घरवालों ने देर रात महिला चिकित्सक को बुलाया। वहीं रविवार तड़के अचानक घर से नवजात की किलकारियां की गूंज सुनाई दी। दुल्हन ने स्वस्थ बच्ची को जन्म दिया है। यह खबर देखते ही देखते पूरे गांव में आग की तरह फैल गई। निकाह के महज छह घंटे बाद मां बनने की खबर सुनते ही परिवार के साथ-साथ पूरे गाँव को चौंका दिया।
वहीं मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस भी सतर्क हो गई। अजीमनगर थाना पुलिस का कहना है, कि दोनों पक्ष आपसी सहमति से साथ रह रहे थे और कोई कानूनी कार्रवाई नहीं चाहते है। फिलहाल पुलिस मामले पर नजर बनाए हुई है।
