मंगलवार (13 फरवरी 2024) को केंद्रीय परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने धर्मनगरी हरिद्वार में 4755 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 30 राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का भूमि पूजन एवं लोकार्पण किया। इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री गडकरी ने कहा, कि यह हर्ष का विषय है, कि आज से तीन महीने के अंदर श्यामपुर फाटक पर ओवरब्रिज का निर्माण शुरू कर दिया जाएगा।
उन्होने कहा, कि राज्य में अभी तक जो प्रोजेक्ट चल रहे हैं वह एक लाख करोड़ के हैं। इनमें 16 हजार करोड़ के केवल रोपवे ही हैं। उत्तराखंड में आने वाले समय में यह राशि दो लाख करोड़ की होगी। 2024 तक त्यूणी हाईवे का निर्माण होगा। कुमाऊं से बदरीनाथ तक मार्ग बनेगा। मसूरी में जाम से मुक्ति के लिए निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा।
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा, कि पांवटा साहिब से मेदनीपुर तक और गुल्लूपुर तक दो फेज मे निर्माण कार्य होगा। यमुनोत्री तक पोंटा से यात्रा सुगम की जाएगी। गर्तांग गली समेत अन्य स्थानों को सीमाओं से जोड़ा जाएगा। कहा कि चमोली में 80 करोड़ की लागत से दो लेन सड़क बनेगी।
#WATCH | Union Minister Nitin Gadkari to inaugurate and lay foundation stone of 30 NH projects worth Rs 4,755 Cr in Haridwar
Uttarakhand CM Pushkar Singh Dhami also present at the event. pic.twitter.com/4PANR8XWVY
— ANI UP/Uttarakhand (@ANINewsUP) February 13, 2024
उन्होंने कहा, कि दिल्ली से देहरादून मार्ग की सौगात पीएम ने दी है। 12 हजार करोड़ की परियोजना का लाभ जल्द मिलने लगेगा। सड़क सुविधा बेहतर होगी तो दो करोड़ यात्री उत्तराखंड पहुंचेंगे। प्रदेश सरकार इस तरह के कार्य करे, जिससे यहां के युवाओं को रोजगार मिले।
वहीं, इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा, कि पीएम मोदी के नेतृत्व में हमारी डबल इंजन सरकार उत्तराखंड के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। इन परियोजनाओं के पूर्ण होने से उत्तराखंड की सड़क कनेक्टिविटी को नई मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा, कि हम सभी का सौभाग्य है, कि गडकरी जैसे केंद्रीय मंत्री से प्रेरणा लेने का अवसर मिल रहा है। मानव सभ्यता में सड़क निर्माण महत्वपूर्ण हिस्सा है। केंद्रीय मंत्री ने न केवल सड़कों से देश को जोड़ा कई संस्कृति और सभ्यता को भी जोड़ा है। विकास का नया अध्याय शुरू किया गया है।
सीएम धामी ने कहा, कि उत्तराखंड राज्य आध्यात्म की भूमि तो है ही अब विकास की भूमि के रूप में पहचान बनी है। चारधाम यात्रा में जहां कम यात्री आते थे, आज सड़कों के जाल बिछने से 56 लाख यात्री आए। ऑल वेदर रोड इसमें महत्वपूर्ण पहल है। मुख्यमंत्री ने कहा, कि उत्तराखंड में प्रत्येक दिन चार किमी सड़क निर्माण हो रहा है।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा, कि राज्य में तीन लाख पचास हजार करोड़ का निवेश हो रहा है। देश दुनिया के लोग आज उत्तराखंड से जुड़ रहे हैं। एचआरडीए की योजनाओं का भी लोकार्पण किया गया है। यह सौभाग्य का विषय है, कि इन योजनाओं से देश दुनियां के लोगों को लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा, कि केंद्रीय मंत्रीमंडल में आज कुछ मांगने के लिए नहीं जाना पड़ता, खुद ही मिल रहा है। यह विकास की एक कड़ी है। जिससे हम सभी जुड़ रहे हैं।
