सांकेतिक चित्र
उत्तराखंड में मौसम ने फिर करवट ली है। मानसून की विदाई के बाद भी बारिश का दौर जारी है। बीते दो दिनों से उच्च हिमालय में बर्फबारी व निचले क्षेत्रों में वर्षा का क्रम बना है। पहाड़ से लेकर मैदानी इलाको में गरज-चमक के साथ वर्षा के दौर हो रहे हैं। बुधवार को भी दोपहर बाद अचानक अंधेरा छा गया और आंधी के साथ बारिश भी हुई।
उत्तराखंड में ऊंचाई वाले जिलों पिथौरागढ़, देहरादून, रुद्रप्रयाग और चमोली में भी बारिश के संकेत हैं। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे देहरादून, पिथौरागढ़ और नैनीताल समेत कई जिलों में भारी से अति भारी बारिश का पूर्वानुमान जताया है। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती है।
दिनांक 07.10.2026 को जारी उत्तराखंड राज्य हेतु मौसम पूर्वानुमान एवं चेतावनी https://t.co/jaQutSWRf9
— Meteorological Centre Dehradun (@mcdehradun) October 7, 2026
इन जिलों में हवाओं की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा रहने की संभावना है। इसके अलावा कुछ स्थानों पर गरज चमक के साथ हल्की बारिश का अनुमान है। बारिश के साथ-साथ झोंकेदार हवाएं भी परेशानी बढ़ा सकती हैं, जबकि, 14 अक्टूबर तक बारिश का दौर जारी रह सकता है।
गौरतलब है, कि अगले तीन दिन उत्तराखंड में मौसम का मिजाज इसी तरह रहने का अनुमान है। वहीं देहरादून में बुधवार दोपहर एक बार फिर घने बादल छा गए और गरज-चमक के साथ जोरदार बारिश हुई। मौसम में आए इस बदलाव के बीच तापमान में भी गिरावट महसूस की गई।
मौसम विभाग का कहना है, कि चक्रवात और मॉनसून ट्रफ के कारण बारिश का नया दौर आ गया है। सिक्किम के आसपास चक्रवातीय हवाओं का क्षेत्र बना है। निचले क्षोभमंडल में उत्तर-पूर्वी बिहार से लेकर उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी तक एक ट्रफ लाइन गुजर रही है, जो बारिश लाएगी।
उधर, मन्नार की खाड़ी और दक्षिण तटीय तमिलनाडु के ऊपर भी साइक्लोन की सक्रियता दिख रही है। जबकि मन्नार की खाड़ी से पूर्व मध्य अरब सागर तक एक अन्य ट्रफ लाइन गुजर रही है। मौसम बदलावों को देखते हुए अगले 4-5 दिनों तक बारिश की प्रबल संभावना व्यक्त की जा रही है।
