
महेंद्र भट्ट दोबारा चुने गए उत्तराखंड भाजपा के अध्यक्ष, (फोटो साभार:X@pushkardhami)
महेंद्र भट्ट लगातार दूसरी बार उत्तराखंड बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष निर्वाचित हुए हैं। मंगलवार (1 जुलाई 2025) को देहरादून स्थित भाजपा प्रदेश मुख्यालय में प्रांतीय परिषद की बैठक में केंद्रीय चुनाव अधिकारी हर्ष मल्होत्रा भट्ट ने प्रदेश अध्यक्ष और राष्ट्रीय परिषद के सदस्यों के निर्वाचित होने का औपचारिक ऐलान किया।
राष्ट्रीय परिषद सदस्य के लिए कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, केंद्रीय मंत्री अजय टम्टा, पूर्व सीएम डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक, त्रिवेंद्र सिंह रावत, तीरथ सिंह रावत, अजय भट्ट, माला राज्य लक्ष्मी शाह व कल्पना सैनी ने नामांकन किया था। इन सभी नेताओं का राष्ट्रीय परिषद के लिए चुना गया है।
उत्तराखंड भाजपा के लगातार दूसरी बार अध्यक्ष चुने जाने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने संदेश में कहा, “भाजपा प्रदेश संगठन पर्व–2025 में माननीय राज्यसभा सांसद श्री महेंद्र भट जी का प्रदेश अध्यक्ष पद पर निर्विरोध निर्वाचन संगठन की एकजुटता, अनुशासन और सामूहिक नेतृत्व का जीवंत उदाहरण है। मुझे पूर्ण विश्वास है कि उनके कुशल नेतृत्व में संगठन और अधिक ऊर्जा, प्रतिबद्धता और जनसेवा की भावना के साथ आगे बढ़ेगा।”
भाजपा प्रदेश संगठन पर्व–2025 में माननीय राज्यसभा सांसद श्री @mahendrabhatbjp जी का प्रदेश अध्यक्ष पद पर निर्विरोध निर्वाचन संगठन की एकजुटता, अनुशासन और सामूहिक नेतृत्व का जीवंत उदाहरण है।
मुझे पूर्ण विश्वास है कि उनके कुशल नेतृत्व में संगठन और अधिक ऊर्जा, प्रतिबद्धता और जनसेवा… pic.twitter.com/SC8zGNgZSx
— Pushkar Singh Dhami (@pushkardhami) July 1, 2025
बता दें, कि बीते सोमवार को प्रदेश अध्यक्ष पद पर नामांकन की प्रक्रिया में केवल भट्ट का ही नामांकन हुआ था। ऐसे में ये पहले ही तय हो गया था, कि महेंद्र भट्ट निर्विरोध प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष चुन लिए जाएंगे। वहीं मंगलवार को औपचारिक घोषणा के साथ ही महेंद्र भट्ट उत्तराखंड भाजपा के लगातार दूसरी बार अध्यक्ष बनने का रिकॉर्ड बनाया। उनसे पहले किसी भी अध्यक्ष को दूसरी बार संगठन की बागडोर संभालने का अवसर नहीं मिला।
गौरतलब है, कि बीजेपी के केंद्रीय नेतृत्व ने आगामी त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव और 2027 के विधानसभा चुनाव के मद्देनजर महेंद्र भट्ट को ही उत्तराखंड में पार्टी की कमान सौंपने का निर्णय लिया। जुलाई 2022 में पहली बार बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद 1 जुलाई 2025 को महेंद्र भट्ट ने दूसरी बार कार्यभार संभाला है।