एंबुलेंस से गांजा तस्करी का भंडाफोड़, (फोटो साभार: X@KumaonJagran)
नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत श्रीनगर पुलिस ने एक इको एंबुलेंस से 90 किलो गांजा बरामद किया है। पुलिस ने एंबुलेंस चालक को गिरफ्तार कर वाहन सीज कर दिया है। बरामद गांजे की कीमत करीब 45 लाख रुपये बताई गई है। आरोपी पूर्व में भी मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े मामले में संलिप्त रहा है।
जानकारी के मुताबिक, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार के निर्देश पर जनपद में नशा तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा मादक पदार्थों की बिक्री, आपूर्ति, परिवहन और वितरण से जुड़े लोगों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जा रही है।
Srinagar police in Pauri, Uttarakhand have seized 90 kg of illegal cannabis during a vehicle-checking operation and arrested one person.
The cannabis, estimated to be worth around ₹45 lakh, was allegedly concealed in nine sacks inside an Eeco ambulance (UK14-PA-0539).
Police… pic.twitter.com/4uREXYuGos
— Kumaon Jagran (@KumaonJagran) August 23, 2026
क्षेत्राधिकारी श्रीनगर तपेश कुमार के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक कोतवाली श्रीनगर कुलदीप सिंह के नेतृत्व में 23 अगस्त 2026 की सुबह श्रीनगर पुलिस टीम द्वारा क्षेत्र में सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान संदिग्ध लगने पर एक प्राइवेट एंबुलेंस को रोककर तलाशी ली गई।
एंबुलेंस में तलाशी के दौरान नौ कट्टों से 90 किलो गांजा बरामद हुआ। मौके से रविंद्र सिंह बिष्ट (45) निवासी चौरास, कीर्तिनगर, टिहरी गढ़वाल को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह श्रीकोट में एंबुलेंस का संचालन करता है। वह एक अन्य व्यक्ति के साथ रुद्रप्रयाग क्षेत्र से गांजा खरीदकर श्रीनगर ला रहा था।
पूछताछ में आरोपी ने बताया, कि गांजा रुद्रप्रयाग क्षेत्र से अपेक्षाकृत कम कीमत पर खरीदकर श्रीनगर में अधिक कीमत पर बेचने की योजना थी। इस अवैध कारोबार से उसे आर्थिक लाभ मिलता था। पुलिस अब गांजे की सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों और पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है।
कोतवाली श्रीनगर में आरोपी के खिलाफ धारा 8/20/60 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस जांच में जानकारी सामने आई है, कि आरोपी पूर्व में भी मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े मामले में संलिप्त रहा है। पुलिस उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की गहनता से जांच कर रही है।
