सांकेतिक चित्र, (फोटो साभार: canva.com)
ऋषिकेश में मंगलवार को नाबालिग से दुष्कर्म मामले को लेकर स्थानीय लोगों का गुस्सा भड़क उठा। घटना से आक्रोशित लोगों ने होटल में तोड़फोड़ का प्रयास कर विरोध जताया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को संभाला। पुलिस का कहना है, कि आरोपित की तलाश के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।
प्रभारी निरीक्षक ऋषिकेश कोतवाली यशपाल बिष्ट के मुताबिक, फरार आरोपित की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों और उसके रिश्तेदारों के यहां पुलिस दबिश दे रही है। साथ ही उसके संपर्क में रहने वाले लोगों से भी जानकारी जुटाई जा रही है। आरोपित को जल्द गिरफ्तार करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
वहीं, उत्तराखंड राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल ने बीते सोमवार को एम्स पहुंचकर पीड़िता और उसके परिजनों से मुलाकात की और उन्हें न्याय व सुरक्षा का भरोसा दिया। उन्होंने एसपी देहात जया बलूनी और कोतवाली प्रभारी यशपाल सिंह बिष्ट से फोन पर घटना की जानकारी ली।
Rishikesh Case: Visited AIIMS to enquire about the minor victim's health; instructed strict legal action & swift justice.
Taking suo motu cognisance of the heinous rape case of a minor at a Rishikesh hotel, visited AIIMS Rishikesh today to meet the victim and her family. Assured… pic.twitter.com/BzFqRr1a8h
— Kusum Kandwal (@ikusumkandwal) August 31, 2026
अध्यक्ष कुसुम कंडवाल ने नाबालिग छात्रा से दुष्कर्म मामले पर गंभीर चिंता जताते हुए कहा, कि सोशल मीडिया पर नाबालिग छात्रा को ऋषिकेश में ही आकर बहला-फुसलाकर होटल में बुलाना और फिर नशीला पदार्थ पिलाकर दुष्कर्म करना एक सोची-समझी साजिश का हिस्सा प्रतीत होता है।
फिलहाल पुलिस फरार आरोपी की तलाश के साथ-साथ होटल प्रबंधन की भूमिका समेत मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है, कि पीड़िता और आरोपित के बीच सोशल मीडिया ऐप के जरिए संपर्क हुआ था। आरोपी बाहरी क्षेत्र का रहने वाला है।
पुलिस की पड़ताल में सामने आया है, कि पुराने रेलवे स्टेशन के समीप स्थित होटल में एक लंबे वक्त से अनैतिक गतिविधियां संचालित की जा रही थी। आरोप है, कि होटल में अतिरिक्त रकम लेकर कमरों की बुकिंग की जाती थी और पहचान संबंधी दस्तावेज की पूरी जांच तक नहीं की जाती थी।
बताया जा रहा है, कि होटल संचालक को युवक के दूसरे मजहब से होने और युवती के नाबालिग होने की जानकारी थी। इसके बावजूद कथित तौर पर अतिरिक्त रकम लेकर दोनों को कमरा उपलब्ध कराया गया और पहचान संबंधी पूरे दस्तावेज भी नहीं लिए गए। पुलिस की जांच में सीसीटीवी कैमरे जानबूझकर बंद किए जाने की बात भी सामने आई है।
मीडिया रिपोर्ट्स में सूत्रों के हवाले से बताया जा रहा है, कि दुष्कर्म के बाद आरोपित ने नाबालिग का वीडियो बनाया। पुलिस अब आरोपी और उसके दोस्त के मोबाइल फोन को ट्रेस करने के साथ डिजिटल साक्ष्यों की पड़ताल कर रही है। साथ ही इसकी भी जाँच की जा रही है, कि वीडियो किसी अन्य के साथ शेयर किया गया है, या नहीं ?
बता दें, कि 30 अगस्त को 16 वर्षीय छात्रा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया, कि आरोपित से उसका संपर्क सोशल मीडिया के जरिए हुआ था। बातचीत के बाद आरोपी ने उसे मिलने के लिए होटल बुलाया, जहां नशीला पदार्थ पिलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया गया। पुलिस ने मामले में पॉक्सो एक्ट समेत दुष्कर्म की धाराओं में केस दर्ज किया है।