सांकेतिक चित्र
रामनगर में पुलिस ने एक लग्जरी रिजॉर्ट पर छापा मारकर हाई-प्रोफाइल सेक्स रैकेट का पर्दाफाश किया गया है। कार्रवाई के दौरान 62 लोगों को हिरासत में लिया है, जिनमें एक नाबालिग लड़की और एक किशोर भी शामिल है। पुलिस की जांच में ऐसे तथ्य सामने आए हैं, जो इस पूरे रैकेट को सुनियोजित तरीके से संचालित किए जाने की ओर इशारा करते है।
जानकारी के मुताबिक, रामनगर में एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट, एसओजी और रामनगर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में एक हाई-प्रोफाइल सेक्स रैकेट का खुलासा हुआ है। रिसॉर्ट में शराब पार्टी, अश्लील डांस और देह व्यापार चल रहा था। रिसॉर्ट को सील कर दिया गया है और सभी आरोपियों पर BNS, पॉक्सो, अनैतिक देह व्यापार, आबकारी व किशोर न्याय अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार, मुखबिर की सूचना पर की गई कार्रवाई के दौरान रिसॉर्ट में बाहरी राज्यों और विदेश से लाई गई महिलाओं के माध्यम से अनैतिक देह व्यापार संचालित किया जा रहा था। छापेमारी के समय आरोपी शराब और नशे की पार्टी कर रहे थे, महिलाओं से अश्लील नृत्य कराया जा रहा था और उन पर नोट उड़ाए जा रहे थे।
पुलिस के मुताबिक, रिजॉर्ट में आयोजित पार्टी सिर्फ मनोरंजन तक सीमित नहीं थी, बल्कि उसके पीछे कथित रूप से देह व्यापार का संगठित नेटवर्क संचालित किया जा रहा था। पार्टी के आयोजक ने करीब 10 दिन पहले ही रिजॉर्ट के मैनेजर लखेंद्र चौधरी से संपर्क किया था।
उत्तराखंड के रामनगर में हाई-प्रोफाइल सेक्स रैकेट का बड़ा खुलासा! नैनीताल पुलिस की छापेमारी में रिसॉर्ट से 52 लोग गिरफ्तार। आरोप है कि मेरठ के कारोबारी ने कर्मचारियों की पार्टी के नाम पर लड़कियों का इंतज़ाम कराया। #Uttarakhand #Ramnagar pic.twitter.com/DntBDUijeT
— News18 Uttarakhand (@News18_UK) July 5, 2026
पुलिस की जांच में मुख्य आयोजक की पहचान मेरठ निवासी उमेन्द्र कुमार के रूप में हुई। उसने अपनी कीटनाशक निर्माण कंपनी से जुड़े लोगों के मनोरंजन के लिए 4 और 5 जुलाई के लिए करीब 2.20 लाख रुपये में रिसॉर्ट बुक कराया गया था। आरोप है, कि इस दौरान शराब, महिलाओं और कथित एक्स्ट्रा सर्विस उपलब्ध कराने की मांग की गई थी।
पुलिस का कहना है, कि दिल्ली निवासी होटल मालिक राहुल गुप्ता उर्फ सन्नी ने सुनील कुमार के माध्यम से महिलाओं की व्यवस्था कराई थी। प्रत्येक महिला के लिए करीब 10 हजार रुपए तय किए गए थे। पुलिस इस आर्थिक लेन-देन और पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भी जांच कर रही है।
पुलिस ने दावा किया है, कि रिजॉर्ट के जनरल मैनेजर लखेंद्र चौधरी ने होटल स्टाफ को निर्देश दिए थे, कि पार्टी में आने वाले किसी भी शख्स और महिलाओं का नाम रजिस्टर में दर्ज नहीं किया जाए। पुलिस का मानना है, कि ऐसा साक्ष्य छिपाने और जांच को प्रभावित करने की नीयत से किया गया था। इन्हीं तथ्यों के आधार पर पुलिस ने रिजॉर्ट परिसर को सील कर दिया है।
एसएसपी, नैनीताल मंजूनाथ टीसी ने बताया, “इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कुल 62 लोगों को हिरासत में लिया है। इनमें एक नाबालिग लड़की और एक नाबालिग किशोर भी शामिल है। नाबालिगों के मिलने के बाद मामले को और गंभीरता से लिया जा रहा है। पुलिस बाल संरक्षण से जुड़े सभी कानूनी प्रावधानों के तहत भी कार्रवाई कर रही है।”
उन्होंने बताया, कि रिजॉर्ट का उपयोग कथित अवैध गतिविधियों और साक्ष्य छिपाने के प्रयास में किया गया, इसलिए कानूनी कार्रवाई करते हुए उसे सील कर दिया गया है। मामले में जनरल मैनेजर लखेंद्र चौधरी फिलहाल फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ जारी है। छापेमारी के दौरान जब्त मोबाइल, दस्तावेज, डिजिटल रिकॉर्ड और अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है, ताकि, ये पता लगाया जा सके कि इस नेटवर्क से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए है। साथ ही इस तरह की पार्टियां पहले भी आयोजित की गई थी या नहीं, इसकी भी जांच की जा रही है।
