'महाकाली' का टीजर रिलीज,(फोटो साभार: X@m4moives)
अक्षय खन्ना की अपकमिंग फिल्म महाकाली का ट्रेलर रिलीज हो गया है। धुरंधर’ में अपनी शानदार अदाकारी से दर्शकों का ध्यान खींचने वाले अक्षय खन्ना जल्द ही प्रशांत वर्मा की ‘महाकाली’ में नजर आने वाले हैं। इस फिल्म में अक्षय खन्ना, शुक्राचार्य की भूमिका में दिखाई देंगे।
‘महाकाली’ के टीजर की शुरुआत काली माता की एक प्रतिमा के साथ होती है। एक महिला को अपने बच्चे को काली माता के चरणों में रखते देखा जा सकता है। इसके बाद घने जंगलों के बीच से एक तेज रोशनी दिखाई देती है और शुक्राचार्य के किरदार में अक्षय खन्ना नजर आते हैं, जो असुरों के समस्त लोकों में राज के लिए प्रतिबद्ध हैं।
टीजर में अक्षय का एक सीन है, जिसमें वो रक्तबीज को मानव जाति का सर्वनाश करने का आदेश देते हैं। वहीं ‘महाकाली’ की भूमिका में श्रिया रेड्डी भी बेहद प्रभावशाली लग रही हैं। ट्रेलर के आखिरी में श्रिया महाकाली के अवतार में नजर आती हैं। उनके चेहरे पर प्रेम और क्रोध के भाव साथ-साथ नजर आते हैं, जो दर्शकों के रोंगटे खड़े कर देता है।
आरकेडी स्टूडियोज के बैनर तले रिवाज रमेश दुग्गल द्वारा निर्मित ‘महाकाली’ का निर्देशन पूजा अपर्णा कोल्लूरु ने किया है। यह फिल्म प्रशांत वर्मा सिनेमैटिक यूनिवर्स की अगली कड़ी है। फिल्म में अक्षय खन्ना के साथ भूमि शेट्टी, श्रिया रेड्डी, रोहित सराफ और कई अन्य प्रमुख कलाकार नजर आएंगे। फिल्म 8 जनवरी 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
