बसंत विहार चेन लूट का आरोपित पुलिस मुठभेड़ में घायल, (फोटो साभार: X@DehradunPolice)
राजधानी देहरादून के बसंत विहार थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात हरबंसवाला बैरियर पर पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। चेकिंग के दौरान बिना नंबर प्लेट की एक्टिवा स्कूटी पर सवार संदिग्ध को पुलिस ने रोकने का प्रयास किया, लेकिन बदमाश चेकिंग प्वाइंट से टी-स्टेट की तरफ भाग निकला।
जब पुलिस टीम ने भाग रहे बदमाश का पीछा किया, तो उसने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लगी। आरोपित को गिरफ्तार कर इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। बदमाश की पहचान 14 अगस्त को बुजुर्ग महिला से चेन स्नेचिंग की वारदात के आरोपित आकाश उर्फ तमंचा के रूप में हुई है।
#ऑपरेशन_प्रहार,#एसएसपी_दून की सख्ती से अपराधियों के मंसूबों को नाकाम करती #दून_पुलिस
देर रात्रि बसंत बिहार क्षेत्र में पुलिस और बदमाश के बीच हुई मुठभेड़ में बदमाश मुठभेड़ में हुआ घायल
चैकिंग के दौरान पुलिस टीम द्वारा बिना नंबर की स्कूटी सवार बदमाश को रोकने का किया था प्रयास pic.twitter.com/RLA8c17bik
— Dehradun Police Uttarakhand (@DehradunPolice) August 19, 2026
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल के साथ अस्पताल का निरीक्षण भी किया। घायल बदमाश की पहचान 27 वर्षीय आकाश उर्फ तमंचा (27) पुत्र जगदीश लाल, निवासी शिवाजी एन्क्लेव, जैन प्लॉट, थाना रायपुर, देहरादून के रूप में हुई है। आरोपित बसंत विहार क्षेत्र में हुई चेन स्नैचिंग की घटना में वांछित था।
एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया, कि आकाश उर्फ तमंचा एक शातिर अपराधी है और उसके खिलाफ पहले से एक दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। आरोपी के कब्जे से 315 बोर का देशी तमंचा, एक खोखा कारतूस, एक जिंदा कारतूस और बिना नंबर प्लेट की नीले रंग की एक्टिवा स्कूटी बरामद हुई है।
पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में स्कूटी के कोतवाली नगर क्षेत्र से चोरी होने की बात सामने आई है। इसके अलावा लूटी गई चेन भी बरामद कर ली गई है। पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाने के साथ ही उससे जुड़े अन्य मामलों की भी जांच कर रही है।
