एक साल पुरानी चोरी का हुआ खुलासा, (फोटो साभार: X@DehradunPolice)
देहरादून में घरेलू सहायिका का काम करने वाली एक महिला को ज्वैलरी पहनकर रील बनाने का शौक उस वक्त भारी पड़ गया, जब उसने एक साल पहले चोरी किये गए हीरे के हार को पहनकर इंस्टाग्राम पर उसकी तस्वीर अपलोड कर दी। पुलिस ने आरोपित महिला के कब्जे से करीब 10 लाख रुपये के हीरे और सोने के आभूषण बरामद किए है।
पुलिस के मुताबिक, देहरादून के आईटी पार्क क्षेत्र निवासी नितिशा वत्स ने 1 जुलाई 2026 को राजपुर थाने में मुकदमा दर्ज कर बताया, कि करीब एक वर्ष पहले उनके घर से हीरे और सोने के आभूषण गायब हो गए थे। उस वक्त उन्हें लगा, कि शायद उन्होंने आभूषण कहीं और रख दिए हैं या किसी रिश्तेदार को दे दिए होंगे, इसलिए उन्हें चोरी का संदेह नहीं हुआ।
मामले में उस समय नया मोड़ में आया, जब कुछ दिन पहले एक परिचित ने नितिशा को बताया, कि उनकी पूर्व घरेलू सहायिका विमला ने अपने इंस्टाग्राम पर हीरे का हार पहनकर रील और फोटो शेयर की है। जब नितिशा ने वह रील देखी, तो उसमें दिखाई दे रहा डायमंड का हार उनका ही निकला। इसके बाद उन्होंने तत्काल पुलिस से शिकायत की।
#ऑपरेशन_प्रहार#SSP_देहरादून की सटीक रणनीति से 01 वर्ष पूर्व हुई लाखों की चोरी का #दून_पुलिस ने किया खुलासा,
इंस्टाग्राम आईडी बनाकर उसमें हीरे के हार का प्रदर्शन करना अभियुक्ता को पड़ा भारी, पहुंची सलाखों के पीछे, pic.twitter.com/s29vlOdZtI
— Dehradun Police Uttarakhand (@DehradunPolice) July 3, 2026
इसके बाद नितिशा को शक हुआ, कि उनके घर पर काम करने वाली महिला ने ही ज्वैलरी चोरी की है। पीड़िता की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर थाना राजपुर में पुलिस टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने जानकारी जुटाने के बाद मुखबिर की सूचना पर आरोपित महिला को जोहड़ी रोड से गिरफ्तार कर लिया।
आरोपित महिला की निशानदेही पर चोरी किए गए हीरे और सोने के आभूषण बरामद किए गए। जिसमें हीरे का हार, सोने का लॉकेट, दो सोने की अंगूठी और सोने का पैंडल शामिल था। पूछताछ में महिला ने बताया, कि वो नितिशा के घर में घरेलू सहायिका का काम करती थी। पीड़िता के घर के लॉकर में काफी महंगे आभूषण रखे हुए थे, जिन्हें वो अक्सर देखा करती थी।
काफी महंगी ज्वैलरी रखी देख उसके मन में लालच आ गया। करीब 1 साल पहले उसने मौका पाकर लॉकर से हीरे और सोने के आभूषण चुरा लिए। घर की मालकिन उस पर काफी भरोसा करती थी, इसलिए उसने नितिशा को यकीन दिलाया, कि उन्होंने गहनों को शायद कहीं दूसरी जगह रख दिया है या अपने किसी परिचित को दे दिए है।
पुलिस के मुताबिक, वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपित महिला चोरी के आभूषणों बेचना चाहती थी, लेकिन हीरे व सोने के महंगे आभूषण होने के कारण वो बिक नहीं पाए। इस बीच वो लगातार उन्हें बेचने का प्रयास कर रही थी, लेकिन अचानक इतने समय बाद वो पुलिस की गिरफ्त गई। बाद में उसे पता चला, कि रील के चक्कर में पुलिस उस तक पहुंची है।
एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया, कि हीरे और सोने के महंगे आभूषण चोरी के मामले में एक महिला को गिरफ्तार किया गया है। बरामद माल की अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपए है। मामले का खुलासा करने वाली पुलिस टीम को एसएसपी देहरादून द्वारा 2,500 रुपये के नगद पुरस्कार से सम्मानित करने की घोषणा की गई है।
