सांकेतिक चित्र, (फोटो साभार: freepik.com)
खटीमा में पैसों को लेकर माता-पिता से हुए विवाद के बाद एक युवक ने पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112 पर झूठी सूचना देकर पुलिस को दौड़ा दिया। युवक ने दावा किया, कि उसने अपने माता-पिता को मार दिया है। सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और पुलिस टीम आनन-फानन में मौके पर पहुंची।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में खुलासा हुआ, कि खर्च के लिए पैसे नहीं मिलने से नाराज युवक ने पुलिस को गुमराह करने के लिए यह झूठी सूचना दी थी। जिस पर पुलिस ने युवक के खिलाफ बीएनएसएस की धारा 170 के तहत कार्रवाई की है।
जानकारी के अनुसार, खटीमा के खेतलसंडा खाम क्षेत्र निवासी युवक ने मंगलवार शाम पुलिस के आपातकालीन नंबर डायल 112 पर फोन कर दावा किया, कि उसने अपने माता-पिता की हत्या कर दी है। सूचना मिलते ही वरिष्ठ उपनिरीक्षक केसी आर्य और उपनिरीक्षक राकेश राय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
पुलिस ने घटनास्थल की जांच की और युवक के माता-पिता से जानकारी ली। जांच में दोनों सुरक्षित मिले और हत्या जैसी कोई घटना सामने नहीं आई। पूछताछ में खुलासा हुआ, अभिषेक राठौर ने माता-पिता से खर्च के लिए पैसे मांगे थे। पैसे नहीं मिलने पर उसने नाराज होकर डायल 112 पर माता-पिता की हत्या करने की झूठी सूचना दे दी।
पुलिस के मुताबिक, आपातकालीन सेवा पर झूठी और भ्रामक सूचना देकर पुलिस को गुमराह करने के मामले में अभिषेक राठौर के खिलाफ कार्रवाई की गई है। आरोपित युवक को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 170 के तहत निरुद्ध किया गया है।
वहीं, खटीमा कोतवाली पुलिस ने लोगों से अपील की है, कि डायल 112 आपातकालीन सहायता के लिए है। इस नंबर पर झूठी सूचना देना पुलिस के समय और संसाधनों की बर्बादी के साथ-साथ वास्तविक जरूरतमंदों की सहायता में भी बाधा बन सकता है, इसलिए इस सेवा का उपयोग जिम्मेदारी के साथ करें।
