सांकेतिक चित्र
जनपद हरिद्वार के नगर कोतवाली क्षेत्र में एक 17 वर्षीय नाबालिग छात्रा को बड़ी बहन ने पढ़ाई को लेकर डांट दिया, जिसके कुछ देर बाद उसके फ्लाईओवर से छलांग लगाने की जानकारी सामने आई। छात्रा को गंभीर हालत में जिला अस्पताल ले जाया गया। जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, छात्रा कक्षा 11 कक्षा में पढ़ती थी। वह पांच बहनों में दूसरे नंबर की थी और परिवार में अपनी मां के साथ रहती थी। बताया जा रहा है, कि उसके पिता की पहले ही मृत्यु हो चुकी है। बीते शनिवार रात को बड़ी बहन ने छात्रा को पढ़ाई को लेकर डांट दिया था। इसके बाद छात्रा घर से बाहर चली गई।
परिजनों को कुछ देर बाद उसके फ्लाईओवर से छलांग लगाने की जानकारी सामने आई। छात्रा के फ्लाईओवर से गिरने के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल छात्रा को उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवाया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने के बाद परिवार के सदस्य भी अस्पताल पहुंचे। छात्रा की मौत की खबर सुनते ही परिजनों में चीख पुकार मच गई। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव का पोस्टमार्टम कराया। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने छात्रा का अंतिम संस्कार कर दिया।
खड़खड़ी चौकी प्रभारी नवीन नेगी ने बताया, कि फ्लाईओवर से गिरने के बाद 17 वर्षीय छात्रा को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया था, जहां उसकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव को ले गए और अंतिम संस्कार कर दिया। मामले की जांच की जा रही है।
