सांकेतिक चित्र
हरिद्वार जिले के खानपुर थाना क्षेत्र में बीते शनिवार 3 अक्टूबर की रात पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक लोडर टेंपो को रोकने का प्रयास किया, तो चालक ने पुलिसकर्मियों पर ही गाड़ी चढ़ाने की कोशिश की और फरार हो गया। आरोपित की पहचान रुड़की निवासी आरिफ के रूप में हुई है।
जानकारी के मुताबिक, बीती रात चौकी प्रभारी गोवर्धनपुर पुलिस टीम के साथ शाहीपुर तिराहे पर चेकिंग कर रहे थे। इस दौरान सिकंदरपुर की ओर से एक संदिग्ध टेंपो आता हुआ दिखाई दिया। पुलिस टीम ने उसे रुकने का संकेत किया, तो बदमाश ने रुकने के बजाय पुलिसकर्मियों पर ही टेंपो चढ़ाने का प्रयास किया और मौका मिलते ही खानपुर की ओर भाग गया।
देर रात हरिद्वार पुलिस की बदमाश के साथ हुई मुठभेड़
पुलिस पर फायरिंग कर भाग रहे संदिग्ध बदमाश को खानपुर पुलिस ने मुठभेड़ में गन्ने के खेतों के बीच दबोचा।
🚔 पुलिस पर टेंपो चढ़ाने का प्रयास कर फरार हुआ था आरोपी, गन्ने के खेत में छिपकर की फायरिंग।#हरिद्वारपुलिस #खानपुरपुलिस pic.twitter.com/8urMML5QiK
— Haridwar Police Uttarakhand (@haridwarpolice) October 4, 2026
चौकी प्रभारी ने तत्काल इसकी सूचना खानपुर कोतवाली प्रभारी को दी। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और इलाके की घेराबंदी की। इस बीच संदिग्ध टेंपो चालक को पुलिस टीम ने धर्मपुर मार्ग पर श्मशान घाट के नजदीक घेर लिया। वहीं, खुद को घिरता देख बदमाश टेंपो सड़क पर छोड़कर पास के गन्ने के खेत में छिप गया।
पुलिस के मुताबिक, खेत में छिपे संदिग्ध ने पुलिस टीम पर फायर झोंक दिया। जिसके बाद पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें संदिग्ध के पैर में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस द्वारा उपचार के लिए उसे सीएचसी लक्सर भेजा गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे रुड़की के सिविल अस्पताल रेफर कर दिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम आरिफ पुत्र खलील निवासी तोड़ा जलालपुर, कोतवाली सिविल लाइन रुड़की बताया है। संभावना व्यक्त की जा रही है, कि आरोपित क्षेत्र के मंदिर में हुई चोरी के मामले में फरार चल रहा था। हालांकि इस संबंध में पुलिस द्वारा पुष्टि किया जाना अभी शेष है।
वहीं घटना की सूचना पर एसपी देहात अभय सिंह भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया, कि मुठभेड़ और आरोपित के आपराधिक इतिहास समेत पूरे मामले की विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है। फिलहाल पुलिस घायल संदिग्ध से पूछताछ कर रही है।
