सांकेतिक चित्र
हल्द्वानी में सर्वाइकल के दर्द से परेशान 24 वर्षीय महिला को झोलाछाप डॉक्टर ने मालिश के दौरान गर्दन पर ऐसा झटका दिया, कि विवाहिता जोर से चिल्लाते हुए बेहोश हो गई। लगभग 20 मिनट तक होश में नहीं आने पर जब महिला का पति अस्पताल लेकर गया, तो चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के अनुसार, मूलरूप से पिथौरागढ़ जिले के गंगोलीहाट निवासी रामचंद्र दमुवाढूंगा में किराए के मकान में रहते है। वह एक आवासीय कॉलोनी में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करते है। उन्होंने बताया, कि उनकी पत्नी मीनाक्षी की गर्दन में तीन महीने से दर्द था। इसके बाद उन्होंने एसटीएच में सिटी स्कैन और एमआरआई कराया।
अस्पताल में इलाज करवाने के बाद भी दर्द से आराम नहीं मिलने पर स्वजन की सलाह पर वो पत्नी को मुक्तेश्वर में झाड़-फूंक कराने भी ले गए, लेकिन करीब एक माह तक चले उपचार के बावजूद दर्द बना रहा। बीते शनिवार को रामचंद्र पत्नी और दो मासूम बच्चों के साथ कालाढूंगी रोड स्थित एक झोलाछाप की दुकान पर पहुंचे।
पति के अनुसार, मालिश के दौरान झोलाछाप ने उनकी पत्नी की गर्दन को अचानक जोर का झटका दिया, जिससे वह बेसुध हो गई। आरोप है, कि झोलाछाप ने पहले उसके ठीक होने का भरोसा दिलाया, लेकिन काफी देर तक मीनाक्षी को होश नहीं आने पर वो उसे बेस अस्पताल लेकर पहुंचे।
जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मीनाक्षी को मृत घोषित कर दिया। उधर सीएमओ डॉक्टर रश्मि पंत ने सूचना प्राप्त होने के बाद दुकान का निरीक्षण किया, लेकिन तब तक आरोपित फरार हो चुका था। वहीं पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
हल्द्वानी थाना प्रभारी विजय मेहता ने बताया, कि महिला के परिजनों की ओर से अभी तहरीर नहीं मिली है, फिलहाल मामले की जांच कर रही है।
