'मोहम्मद दीपक' गैर- जमानती धाराओं में गिरफ्तार, (चित्र साभार: @PyaraUKofficial)
कोटद्वार निवासी ‘मोहम्मद दीपक’ एक बार फिर सुर्खियों में हैं। एक कपड़ा व्यापारी ने उन पर धमकी देने का आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर दीपक को गिरफ्तार किया है। दीपक पर दुकान में घुसकर जान से मारने की धमकी देते हुए बदसलूकी के आरोप लगे है।
जानकारी के अनुसार, बिजनौर जिले के नजीबाबाद थाना क्षेत्र स्थित कलालान मोहल्ला निवासी कपड़ा व्यापारी संजीव टांक ने पुलिस को दी तहरीर में बताया, कि उज्जैन में सड़क चौड़ीकरण के दौरान मस्जिद तोड़े जाने से जुड़े कथित घटनाक्रम पर दीपक कुमार उर्फ ‘मोहम्मद’ ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट की थी।
इसी पोस्ट पर एक व्यापारी ने कमेंट कर अपनी प्रतिक्रिया दी थी। जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद की स्थिति पैदा हो गई। आरोप है, कि इस टिप्पणी से आक्रोशित दीपक गुरूवार सुबह उनकी दुकान पर आए और उन्हें धमकाया। जब उन्होंने विरोध किया, तो उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई।
पीड़ित व्यापारी ने बताया, कि कुछ समय पहले उनका हार्ट का आपरेशन हुआ है और गुरूवार को हुई घटना के कारण वे और उनका परिवार दहशत में हैं। इस घटना की सूचना जब व्यापार मंडल के सदस्यों को प्राप्त हुई, तो व्यापार मंडल के पदाधिकारी सहित अन्य व्यापारी संजीव की दुकान में पहुंचे।
व्यापारी को धमकाने से आक्रोशित व्यापार मंडल ने दीपक के खिलाफ सख्त कार्यवाही की मांग को लेकर कोतवाली में धरना दिया। जिसके बाद अपर पुलिस अधीक्षक मनोज ठाकुर के समझाने के बाद व्यापारियों ने अपना धरना समाप्त किया।
कोटद्वार में व्यापारी को धमकाने और धार्मिक माहौल बिगाड़ने के आरोप में ‘मोहम्मद दीपक’ उर्फ दीपक कुमार गिरफ्तार। पुलिस ने BNS 196 के तहत की कार्रवाई। #Kotdwar #Uttarakhand pic.twitter.com/5vm5nDbIut
— Vijay Singh (@VijaySi19683098) October 1, 2026
पौड़ी पुलिस के मुताबिक, उक्त घटना के संबंध में कार्रवाई करते हुए कोतवाली कोटद्वार में धारा 351(2), 352 बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया है। आरोपी के विरुद्ध प्रकरण में धारा 196 एवं 115 BNS की बढ़ोतरी भी की गई। आरोपी को धारा 170 बीएनएस के तहत गिरफ्तार किया गया है।
वहीं इस घटना से जुड़ा एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें दीपक कुमार और व्यापारी के बीच तीखी कहासुनी होती दिखाई दे रही है। व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन से मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच करते हुए दोषी पाए जाने वाले व्यक्ति के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
स्थानीय व्यापारियों ने आरोप लगाया, कि दीपक उर्फ ‘मोहम्मद दीपक आए दिन हिंदू समाज को लेकर सोशल मीडिया पर विवादित पोस्ट कर रहे हैं, जिससे शहर का सांप्रदायिक सौहार्द खराब होने का भी डर बना हुआ है।
पुलिस प्रशासन द्वारा स्पष्ट संदेश दिया गया है, कि शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है। किसी भी व्यक्ति द्वारा शांति भंग करने, अराजकता फैलाने, कानून-व्यवस्था प्रभावित करने अथवा माहौल बिगाड़ने का प्रयास किया जाता है, तो उसके विरुद्ध तत्काल एवं कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
