जमुई छेड़खानी घटना मामले में पुलिस ने 3 मनचलों किया गिरफ्तार, (फोटो साभार: NDTV)
बिहार के जमुई में बीते शनिवार की शाम मड़वा पहाड़ से लौट रहे नाबालिग छात्र-छात्रा को सड़क पर घेरकर अभद्रता, मारपीट और छेड़खानी के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वीडियो सामने आने के बाद महिला आयोग ने भी मामले पर संज्ञान लिया है।
जानकारी के मुताबिक, बिहार के जमुई जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां बाइक से जा रहे नाबालिग लड़के और लड़की को कुछ लोगों ने रास्ते में रोक लिया। इसके बाद उनके साथ कथित तौर पर दुर्व्यवहार किया गया। वायरल वीडियो में मनचले स्कूली छात्रा की अस्मिता को तार-तार करते नजर आ रहे हैं।
पूरे मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले का सख्त संज्ञान लिया है। एडीजी सुहिता अनुपम द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, जमुई के मरवा गांव से गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मिथिलेश कुमार (25), प्रमोद कुमार (26) और गोलू कुमार (25) के रूप में हुई है।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो मामले में जमुई पुलिस की त्वरित कार्रवाई: S.I.T. गठित, तीन आरोपी गिफ्तार।#jamuiPolice#BiharPolice pic.twitter.com/Z9vTbR5PLR
— JAMUI POLICE (@JamuiPolice) September 21, 2026
पुलिस के मुताबिक, इस मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने पीड़ितों (छात्र और छात्रा) के बयान के आधार पर FIR दर्ज कर ली है। मामले में कुल मिलाकर पांच आरोपितों को चिह्नित किया गया है। हालांकि, अभी तीन की गिरफ्तारी की पुष्टि हुई है। तीनों आरोपितों की उम्र करीब 24 से 26 वर्ष के बीच बताई जा रही है।
जमुई के एसपी विश्वजीत दयाल ने कहा, कि घटना दुर्भाग्यपूर्ण है। ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए पुलिस की ओर से जागरूकता अभियान भी चलाया जाएगा। उन्होंने कहा, कि नाबालिगों की गरिमा से खिलवाड़ करने की इजाजत किसी को नहीं दी जा सकती।
इस मामले में राज्य महिला आयोग ने भी संज्ञान लिया है। आयोग की अध्यक्ष अप्सरा ने बताया, कि उन्होंने सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के जरिए घटना की जानकारी ली। उन्होंने इस मामले में जमुई के जिलाधिकारी से बात की है। महिला आयोग की अध्यक्ष ने कहा, कि वह इस मामले में जमुई के पुलिस अधीक्षक को भी पत्र भेजेंगी।
घटना जमुई टाउन थाना क्षेत्र के मड़वा गांव इलाके की बताई जा रही है। लड़का और लड़की दोनों नाबालिग बताए जा रहे है। 19 तारीख को दोनों कोचिंग के बाद स्कूटी से मड़वा पहाड़ घूमने गए थे। लौटते समय कुछ युवकों ने उन्हें सड़क पर रोक लिया और अभद्र व्यवहार करने लगे। मौके पर मौजूद कुछ युवकों ने इसका वीडियो भी बना लिया।
वीडियो में युवती हाथ जोड़कर लोगों से उन्हें जाने देने की अपील करती दिखाई दे रही है। वह कहती सुनाई दे रही है, “बच्चा हैं, जाने दीजिए। अब कभी नहीं आएंगे।” लेकिन मनचलों की दरिंदगी नहीं थमी। वे बेशर्मी से इस पूरी घिनौनी हरकत का वीडियो बनाते रहे। वीडियो वायरल होने के बाद अब जनता की नाराजगी सोशल मीडिया में देखी जा रही है।
