मसूरी में युवकों ने मचाया उत्पात, (फोटो साभार: सोशल मीडिया)
उत्तराखंड स्थित पहाड़ों की रानी मसूरी में एक रेस्टोरेंट में घुसकर कुछ युवकों द्वारा वहां बैठे व्यक्ति और उसके साथियों पर लाठी-डंडों से हमला करने का मामला सामने आया है। घटना का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, मसूरी के किंग्रेग स्थित एक रेस्टोरेंट में घुसकर कुछ लोगों ने युवक और उसके साथियों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। पीड़ित ने कोतवाली में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। वहीं घटना के बाद स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई।
शिकायतकर्ता मनीष ने कोतवाली मसूरी में तहरीर देकर आरोप लगाया, कि कुछ युवक रेस्टोरेंट में पहुंचे और आते ही वहां बैठे उसके और उसके साथियों पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। शिकायतकर्ता के मुताबिक, हमलावरों में कुछ युवकों ने चेहरे को नकाब से ढका हुआ था। हमले में मनीष और उसके साथियों के चोटिल होने की बात कही गई है।
घटना के बाद रेस्टोरेंट में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज सामने आई, जिसमें कुछ युवक हाथों में लाठी-डंडे लेकर रेस्टोरेंट में घुसते और वहां मौजूद युवकों के साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। एसएसआई सतेंद्र भाटी ने बताया, कि घटना की शिकायत पुलिस को प्राप्त हुई है। घटना से जुड़े सीसीटीवी फुटेज को खंगाला जा रहा हैं।
मसूरी का ये CCTV फुटेज आपको हैरान कर देगा! 😱
मसूरी के एक रेस्टोरेंट में दिनदहाड़े कुछ लोग हाथों में लाठी-डंडे लेकर घुसते हैं और संचालक के साथ सरेआम मारपीट करते हैं। क्या अब हमारी पर्यटन नगरी में कारोबारी अपनी ही दुकानों में सुरक्षित नहीं हैं? pic.twitter.com/8DkMNbiRa4
— Bhupi Panwar (@askbhupi) September 18, 2026
बताया जा रहा है, कि बीते दिन सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आया। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर उसमें दिखाई दे रहे युवकों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
