मूक-बधिर महिला से दुष्कर्म का आरोपित गिरफ्तार, (फोटो साभार: X@chamolipolice)
चमोली पुलिस ने मूक-बधिर महिला से दुष्कर्म के आरोपित को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। बीते शनिवार को एक महिला ने थाना पोखरी में तहरीर देकर बताया, कि उसकी मूक-बधिर ननद के साथ संजय उर्फ सन्तू पुत्र धर्मपाल, निवासी ग्राम सांकरी, थाना पोखरी, उम्र 34 वर्ष ने दुष्कर्म किया है।
महिला की तहरीर के आधार पर थाना पोखरी में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार के निर्देश पर थानाध्यक्ष पोखरी देवेन्द्र पंत के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम द्वारा आरोपित की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश देते हुए सघन तलाशी अभियान चलाया गया।
महिला अपराध पर चमोली पुलिस का त्वरित एक्शन, मूक-बधिर महिला से दुष्कर्म के आरोपी को पोखरी पुलिस ने 24 घंटे के भीतर किया गिरफ्तार pic.twitter.com/TST2Yu3qjv
— Chamoli Police Uttarakhand (@chamolipolice) August 30, 2026
पोखरी थानाध्यक्ष देवेंद्र पंत ने बताया, मामले की गंभीरता को देखते हुए तहरीर मिलते ही पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तत्काल पुलिस टीम गठित की। साथ ही फॉरेंसिक टीम को घटनास्थल पर बुलाकर आवश्यक साक्ष्य संकलित किए गए।
पुलिस ने बताया, कि आरोपित संजय उर्फ सन्तू को घटना की सूचना प्राप्त होने के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी को न्यायालय में पेश करने की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार ने कहा है, कि महिला अपराध समेत अन्य तमाम अपराधों को लेकर पुलिस लगातार सक्रिय है। इस तरह के अपराध करने वाले लोगों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।