'रील’ बनाने के लिए जेब्रा क्रासिंग पर लेटी युवती, (फोटो साभार: सोशल मीडिया)
आजकल सोशल मीडिया पर वायरल होने का चस्का युवाओं के सिर चढ़कर बोल रहा है। रील्स बनाने के लिए लोग अपनी जान तक जोखिम में डाल रहे है। ऐसा ही एक मामला इंदौर से सामने आया है। जहां एक युवती ट्रैफिक के बीच वीडियोग्राफर के साथ आई और जैसे ही रेड सिग्नल हुआ, वह जेब्रा क्रॉसिंग पर लेटकर पोज देने लगी।
वायरल वीडियो विजय नगर इलाके का बताया जा रहा है। सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आने के बाद लोग ट्रैफिक नियमों को लेकर सवाल उठा रहे हैं। वहीं रील बनाने वाली युवती की इस सनक का पुलिस ने गंभीरता से संज्ञान लिया है और युवती की पहचान कर उसके खिलाफ कार्रवाई की बात कही है।
वीडियो में नजर आ रहा है, कि युवती जेब्रा क्रॉसिंग पर लेटी हुई है। इस दौरान वहां जाम लग गया। वहीं ट्रैफिक सिग्नल पर खड़े वाहन चालक भी आश्चर्य में पड़ गए, कि आखिर युवती को क्या हो गया, लेकिन जब वह अलग-अलग पोज देने लगी, तो वे भी समझ गए, कि ये सब रील के चक्कर में हो रहा है।
ये इंदौर की सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर हैं,ट्रैफिक सिग्नल पर वाहनों के आगे लेटकर वीडियो बना रही हैं pic.twitter.com/y1ml7cwYhT
— Anurag Dwary (@Anurag_Dwary) August 22, 2026
पुलिस ने युवती की पहचान कर ली है। ब्लैक और ब्राउन कलर के कपड़े पहनकर रील बनाने वाली युवती का नाम प्रकृति गौर बताया जा जा रहा है। उसके इंस्टाग्राम पर आठ हजार फॉलोअर हैं, लेकिन इस रील शूट के बाद अचानक उसके फॉलोअर की संख्या बढ़ गई।
संबंधित प्रकरण पर एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया का कहना है, कि युवती का वीडियो पुलिस के पास पहुंचा है। पुलिस ने युवती की पहचान कर नोटिस जारी कर तलब होने के निर्देश दिए है।
