पूर्व नेशनल रेसलर अमित श्योराण गिरफ्तार, (फोटो साभार: X@CrimeBranchDP)
कुश्ती के अखाड़े में दांव-पेच दिखाकर राष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाला पहलवान ड्रग्स तस्करी मामले में गिरफ्तारी के बाद चर्चा में है। पुलिस ने पहलवान अमित श्योराण को ड्रग्स तस्करी के आरोप में दिल्ली से पकड़ा हैं। आरोपी ने 2013 में कन्याकुमारी में नेशनल कैडेट कुश्ती प्रतियोगिता में तीसरा स्थान हासिल किया था।
दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा और झारखंड पुलिस ने संयुक्त ऑपरेशन में राष्ट्रीय स्तर के पहलवान अमित श्योराण को गिरफ्तार किया है। आरोपित झारखंड के धुर्वा (तुपुदाना) थाने के NDPS मामले में वांटेड था। पूछताछ में आरोपी ने बताया, कि वह दिल्ली-हरियाणा के अखाड़ों में पहलवानों को अफीम सप्लाई करता था।
दिल्ली पुलिस के विशेष पुलिस आयुक्त (अपराध) एचजीएस धालीवाल ने बताया, कि पूछताछ में सप्लायर राजेश नाग ने बताया, कि वह अफीम की खेती करता था और खास तौर पर उत्तर भारत में पहलवानों को इसकी सप्लाई करता था। उसने श्योराण और एक अन्य आरोपी रंजीत का नाम ड्रग्स लेने वालों के तौर पर लिया था।
🚨🔥 DECLARED PROCLAIMED OFFENDER → ARRESTED AFTER LONG MANHUNT! 🔥🚔
🎯 NR-II, Crime Branch, Delhi Police apprehends a wanted drug smuggler & Proclaimed Offender after sustained surveillance and a meticulously coordinated operation.
💊 Wanted in an NDPS case of PS Dhurwa… pic.twitter.com/7ozX2AfEil— Crime Branch Delhi Police (@CrimeBranchDP) August 19, 2026
इन दोनों को पहले दिल्ली पुलिस की अपराध शाखा ने एनडीपीएस मामले में गिरफ्तार किया था, जिसके बाद झारखंड में एक अलग मामला दर्ज किया गया। 6 दिसंबर 2023 को एक न्यायिक अदालत ने श्योराण को घोषित अपराधी करार दिया था। क्राइम ब्रांच की एक टीम ने उसकी तलाश शुरू की और रानीबाग-पीतमपुरा इलाके में उसकी गतिविधियों का पता लगाया।
विशेष पुलिस आयुक्त ने बताया, कि मंगलवार को टीम को सूचना मिली, कि आरोपित एक रिश्तेदार से मिलने मधुबन चौक मेट्रो स्टेशन के पास आएगा। इसके बाद टीम ने जाल बिछाया और मामले की जांच कर रहे झारखंड पुलिस के अधिकारियों की सहायता से उसे गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में श्योराण ने बताया, कि वह रंजीत के संपर्क में आया, जिसने उसे रांची में अफीम सप्लायरों से मिलवाया। इसके बाद आरोपित रांची गया, अफीम खरीदी और हरियाणा व दिल्ली में पहलवानों को सप्लाई करने लगा। पुलिस के मुताबिक, कि श्योराण छह आपराधिक मामलों में शामिल है, जिनमें हत्या, हत्या की कोशिश, धोखाधड़ी और कई एनडीपीएस मामले शामिल हैं।
राष्ट्रीय स्तर के पहलवान अमित श्योराण की अपराध के दलदल में उतरने की कहानी, इसलिए भी चौंकाने वाली है, क्योंकि जिस खेल ने उसे राष्ट्रीय स्तर तक पहचान दिलाई, उसी से जुड़े संपर्कों का इस्तेमाल उसने कथित तौर पर नशे के कारोबार में किया।
पुलिस की पूछताछ के दौरान उसने खुलासा किया, कि वह पहले दिल्ली के बार और नाइट क्लबों में बाउंसर का काम करता था, लेकिन जल्दी और आसानी से पैसा कमाने के लालच में वह ड्रग सप्लाई के अवैध धंधे में उतर गया।
गौरतलब है, कि नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के निर्देश पर झारखंड समेत पूरे देश में अफीम तस्करों सहित दूसरे ड्रग्स के कारोबारी की तलाश की जा रही है। केंद्रीय गृह मंत्री के बैठक के बाद सभी राज्यों ने अफीम तस्करों के खिलाफ एक्शन के लिए एक-दूसरे से सूचनाओं को साझा किया था। इसी क्रम अमित श्योराण की गिरफ्तारी हुई है।
