BJP मुख्यालय में गढ़वाल मंडल की बैठक
भारतीय जनता पार्टी ने उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को देहरादून स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में गढ़वाल मंडल की तीनों लोकसभा सीटों को लेकर अलग-अलग चरणों में सांसद, विधायकों और जिला अध्यक्ष के साथ बैठक की।
जानकारी के अनुसार, बैठक के प्रथम चरण में टिहरी लोकसभा क्षेत्र के सांसद, विधायक और संगठन पदाधिकारी भाजपा प्रदेश मुख्यालय पहुंचे। हालांकि टिहरी से भाजपा सांसद माला राज्यलक्ष्मी शाह स्वास्थ्य कारणों के चलते बैठक में शामिल नहीं हुईं। उनकी अनुपस्थिति में टिहरी लोकसभा क्षेत्र के अन्य जनप्रतिनिधि और संगठन पदाधिकारी बैठक में उपस्थित रहे।
टिहरी लोकसभा सीट की बैठक की अध्यक्षता मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट द्वारा की गई। बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव के लिहाज से लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली विधानसभा सीटों की स्थिति और संगठन की तैयारियों को लेकर चर्चा हुई।
सीएम धामी ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पोस्ट पर जानकारी दी, कि भाजपा प्रदेश कार्यालय, देहरादून में टिहरी लोकसभा क्षेत्र के माननीय सांसद, विधायकगण, जिलाध्यक्ष एवं पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक में सम्मिलित हुआ।
भाजपा प्रदेश कार्यालय, देहरादून में टिहरी लोकसभा क्षेत्र के माननीय सांसद, विधायकगण, जिलाध्यक्ष एवं पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक में सम्मिलित हुआ।
इस दौरान संगठनात्मक गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए संगठन को और अधिक सशक्त एवं सक्रिय बनाने, बूथ स्तर… pic.twitter.com/b0GWxK0NG7
— Pushkar Singh Dhami (@pushkardhami) August 18, 2026
इस दौरान संगठनात्मक गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए संगठन को और अधिक सशक्त एवं सक्रिय बनाने, बूथ स्तर तक पार्टी की संरचना को मजबूत करने तथा कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने को लेकर व्यापक चर्चा हुई।
साथ ही, आगामी कार्यक्रमों एवं अभियानों की प्रभावी रूपरेखा तैयार करने और जन-जन तक पार्टी की विचारधारा एवं केंद्र व प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को पहुंचाने पर भी विचार-विमर्श हुआ। उन्होंने कहा, कि भाजपा ऐसा संगठन है जो पूरे साल अपने कार्यक्रमों और संगठनात्मक गतिविधियों के लिए तैयार रहता है।
मुख्यमंत्री ने कहा, कि पार्टी के कार्यकर्ता और पदाधिकारी सालभर संगठन की नीतियों और सरकार के कार्यक्रमों को लेकर काम करते हैं। इन बैठकों का मुख्य उद्देश्य केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं को आम व्यक्ति तक किस तरह पहुंचाया जाए, इस पर चर्चा करना है। संगठन के कार्यकर्ताओं के प्रश्न, सुझाव और आगामी लक्ष्यों पर भी बैठक में विचार किया जा रहा है।
वहीं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा, कि पार्टी में संगठन सबसे बड़ा है और संगठन की ओर से जो लक्ष्य दिए जाते हैं, उन्हें पूरा करने के लिए कार्यकर्ता और पदाधिकारी पूरी मेहनत करते है। प्रदेश में पहले मंडल अध्यक्षों और जिला अध्यक्षों के साथ बैठकों का चरण पूरा किया जा चुका है। इसी क्रम में अब लोकसभा स्तर पर विधायकों और सांसदों के साथ बैठक की जा रही है।
गौरतलब है, कि भाजपा संगठन द्वारा प्रदेश के अलग-अलग लोकसभा क्षेत्रों में जनप्रतिनिधियों और संगठन पदाधिकारियों के साथ बैठक कर चुनावी रणनीति को धार देने का काम किया जा रहा है। इससे पहले मंडल अध्यक्षों और जिला अध्यक्षों के साथ कुमाऊं और गढ़वाल मंडल में बैठकें हुई थी। अब विधायकों और सांसदों के साथ लोकसभा स्तर पर बैठकों का दौर शुरू हो गया है।
