यूपी का इनामी गैंगस्टर काशीपुर से गिरफ्तार,(फोटो साभार: etvbharat)
उधम सिंह नगर पुलिस को ऑपरेशन प्रहार के तहत बड़ी सफलता मिली है। काशीपुर पुलिस ने पश्चिमी यूपी के कुख्यात अपराधी और एक लाख रुपये के इनामी बदमाश योगेश मालिक उर्फ भदौरिया को गिरफ्तार किया है। मोस्ट वांटेड पर हत्या, हत्या के प्रयास, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट समेत 46 से अधिक संगीन मुकदमे दर्ज है।
उधम सिंह नगर, एसएसपी अजय गणपति ने बताया, कि बुधवार को डायल-112 के माध्यम से पुलिस को सूचना मिली, कि चैती मेला मार्ग पर एक संदिग्ध व्यक्ति घूम रहा है। सूचना मिलते ही कोतवाली आइटीआइ की पुलिस टीम तुरंत मौके के लिए रवाना हुई।
🚨🔸 एसएसपी अजय गणपति की कुशल रणनीति का असर — यूपी पुलिस एवं खुफिया एजेंसियों की आंखों में धूल झोंक रहे एक लाख के इनामी, 46 से अधिक संगीन आपराधिक मामलों में वांछित को ऊधमसिंहनगर पुलिस ने दबोचा।#UKPoliceStrikeOnCrime #udhamsinghnagarpolice pic.twitter.com/gCmNC0y5UI
— Udham Singh Nagar Police Uttarakhand (@UdhamSNagarPol) July 8, 2026
एसआई हरविंदर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने पुरानी चौकी चैती के पास स्थित एक खंडहर के निकट घेराबंदी की और संदिग्ध को दबोच लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपनी पहचान मेरठ जिले के रोहटा थाना क्षेत्र के ग्राम भदौड़ा निवासी योगेश मलिक उर्फ योगेश भदौड़ा के रूप में बताई।
तलाशी के दौरान उसके पास से 315 बोर का तमंचा और तीन कारतूस बरामद किए गए। गिरफ्तारी के बाद जब कोतवाली लाकर पुलिस ने संदिग्ध से पूछताछ की, तो चौंकाने वाला खुलासा हुआ, कि पकड़ा गया व्यक्ति उत्तर प्रदेश का मोस्ट वांटेड और इनामी गैंगस्टर है।
एसएसपी अजय गणपति ने बताया, योगेश मालिक उर्फ भदौरिया के खिलाफ मेरठ, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, बागपत और शामली समेत विभिन्न जिलों में हत्या, हत्या के प्रयास, डकैती, लूट, आर्म्स एक्ट और गैंगस्टर एक्ट के 46 मुकदमे दर्ज हैं। उन्होंने बताया, कि इनामी गैंगस्टर उत्तर प्रदेश पुलिस की टॉप-25 हिस्ट्रीशीटर सूची में शामिल रहा है।
उन्होंने बताया, कि नवंबर 2025 में योगेश भदौड़ा सिद्धार्थनगर जेल से जमानत पर रिहा हुआ था। इसके बाद वह न्यायालय में पेश नहीं हुआ और कोर्ट की ओर भगोड़ा घोषित किए जाने के मामले में फरार चल रहा था।
काशीपुर पुलिस द्वारा मोस्ट वांटेड और इनामी गैंगस्टर का विस्तृत आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है। साथ ही संबंधित राज्यों की पुलिस को इसकी सूचना दी गई है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है, कि आरोपी उत्तराखंड में किस उद्देश्य से आया था और क्या वह यहां किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में था।
