उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) (फोटो साभार: X@DIPR_UK)
उत्तराखंड के वर्तमान राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) ने प्रदेश के इतिहास में सबसे लंबे समय तक गवर्नर बने रहने का नया कीर्तिमान स्थापित कर दिया है। उन्होंने पूर्व राज्यपाल सुदर्शन अग्रवाल के 1,755 दिनों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ते हुए 1,756 दिनों के सेवाकाल के साथ यह ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है।
लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (रिटायर्ड) द्वारा 15 सितंबर, 2021 को उत्तराखंड के आठवें गवर्नर के तौर पर शपथ ली। बीते रविवार को उन्होंने राजभवन में अपने ऑफिस में 1,755 दिन पूरे किए थे। जबकि सोमवार 6 जुलाई को वो ऑफिशियली पिछले रिकॉर्ड को तोड़कर राज्य के सबसे लंबे समय तक पद पर रहने वाले गवर्नर बन गए है।
लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह का जन्म 1 फरवरी 1956 को पंजाब के अमृतसर स्थित जलाल उस्मान में हुआ था। उन्होंने प्रारंभिक शिक्षा सैनिक स्कूल कपूरथला से प्राप्त की। गुरमीत सिंह ने सेना में पीवीएसएम, यूवाईएसएम, एवीएसएम, वीएसएम सम्मानत प्राप्त किए। वो 31 जनवरी 2016 को सेना के उप प्रमुख पद से रिटायर हुए।
लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह के पिता मोहिंद्र सिंह और उनके बड़े भाई भारतीय सेना और वायुसेना के माध्यम से देश की सेवा कर चुके हैं। गुरमीत सिंह ने कई मौकों पर देश का प्रतिनिधित्व करते हुए चीन के साथ सीमा मुद्दों के संबंध में कई वार्ताओं में भाग लिया और वार्ता तथा यात्राओं के लिए बीजिंग, शंघाई और चीन के अन्य शहरों का दौरा किया।
उत्तराखंड के राज्यपाल के रूप में कार्यभार संभालने वाले लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह का व्यक्तित्व सैन्य कठोरता और मानवीय संवेदनाओं का एक दुर्लभ उदाहरण है। उन्होंने सियाचिन और अन्य मुद्दों पर बातचीत के लिए पाकिस्तान का दौरा भी किया। जम्मू कश्मीर और उत्तर पूर्व में आतंकवाद का मुकाबला करने का व्यापक कार्यकाल रहा।
बता दें, कि 4 जुलाई को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बीजेपी का सबसे लंबे समय तक सीएम रहने का रिकॉर्ड कायम किया था। इसी क्रम में सीएम धामी 9 जुलाई को सबसे ज्यादा दिनों तक प्रदेश का मुख्यमंत्री रहने का एनडी तिवारी का रिकॉर्ड भी तोड़ने जा रहे हैं।
