रिंगरोड ठेके के बाहर हुए गोलीकांड का खुलासा, (फोटो साभार: X@DehradunPolice)
रायपुर थाना क्षेत्र के रिंग रोड स्थित शराब के ठेके के बाहर हुई फायरिंग की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। दून पुलिस ने मामले में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य आरोपी अक्षय प्रधान और उसके अन्य साथियों की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस जांच में सामने आया है, कि शुक्रवार 3 जुलाई की रात हुई फायरिंग की वजह बिजनौर में एक विवाह समारोह के दौरान हुआ पुराना विवाद और उसी वक्त से चली आ रही रंजिश थी। वारदात की रात लगभग नौ बजे रिंग रोड स्थित शराब के ठेके के बाहर कमेंद्र शर्मा अपने साथियों नवीन राणा और रोहन कुमार के साथ मौजूद था।
एसएसपी दून की रणनीति से अपराधियो के हौसलें पस्त करती दून पुलिस
रायपुर क्षेत्र में हुई फायरिंग की घटना का दून पुलिस ने किया खुलासा
घटना में शामिल 03 अभियुक्तों को पुलिस ने किया गिरफ्तार pic.twitter.com/p7U1GlBVTA
— Dehradun Police Uttarakhand (@DehradunPolice) July 5, 2026
इसी दौरान तीन-चार युवक वहां पहुंचे और पिस्टल से दो राउंड फायरिंग कर दी। एक गोली नवीन राणा के कंधे में लगी, जबकि दूसरी गोली कमेंद्र शर्मा के पैर में लगी। किसी ने फायरिंग की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम को दी, जिसके बाद रायपुर थानाध्यक्ष पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
एसएसपी देहरादून के निर्देश पर गठित पांच पुलिस टीमों ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और घायलों समेत प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की। जांच में पता चला, मुख्य आरोपी अक्षय प्रधान निवासी कीरतपुर (बिजनौर) और कमेंद्र शर्मा के बीच बिजनौर में एक शादी समारोह के दौरान विवाद हुआ था।
उसी घटना के बाद दोनों पक्षों के बीच लगातार रंजिश चली आ रही थी। आरोप है, कि अक्षय प्रधान और उसके साथी कमेंद्र शर्मा के दोस्त अक्षय को फोन कर लगातार धमकियां और गाली-गलौज कर रहे थे। इसकी जानकारी मिलने पर कमेंद्र शर्मा अपने साथियों के साथ छह नंबर पुलिया के पास पहुंचा, जहां दोनों पक्षों में कहासुनी के बाद फायरिंग हो गई।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने तीन आरोपियों अरुण कुमार उर्फ छोटू (27), सन्नी कुमार (24) और आदर्श सिंह (19) को गिरफ्तार कर लिया है। तीनों आरोपी मूल रूप से बिजनौर के रहने वाले हैं। वहीं, मुख्य आरोपी अक्षय प्रधान और उसके अन्य साथियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
पुलिस का कहना है, कि मामले की विवेचना जारी है, और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद घटना में प्रयुक्त हथियार समेत अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य भी बरामद किए जाएंगे। पुलिस ने स्पष्ट किया कि फायरिंग की घटना किसी आपराधिक गैंगवार का नहीं, बल्कि पुरानी व्यक्तिगत रंजिश का परिणाम थी।
