छतों पर पत्थरों के ढेर मिलने के बाद हरिद्वार पुलिस का एक्शन,(फोटो साभार: X@haridwarpolice)
हरिद्वार के पथरी थाना क्षेत्र के बोडाहेडी गांव में पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 51 लोगों का शांतिभंग में चालान किया है। वहीं इससे पहले पुलिस गांव में शांति भंग करने और आपस में मारपीट करने के आरोप में नौ लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है।
जानकारी के मुताबिक, बोड़ाहेड़ी गांव में हाल ही में हुए खूनी संघर्ष व फायरिंग की घटना के बाद एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर मंगलवार को सर्च आपरेशन चलाया। पथरी थानाध्यक्ष रविंद्र कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ड्रोन कैमरे के साथ गांव में पहुंची। आरोप है, कि ड्रोन से निगरानी के दौरान कई मकानों की छतों पर ईंट-पत्थर रखे मिले।
👮♂️ SSP हरिद्वार के निर्देश पर पथरी पुलिस की बड़ी कार्रवाई
📋 पुलिस पहुंची अपराध की जड़ तक, कई आरोपियों को किया चिन्हित।
🚔 ग्राम बोडाहेड़ी में शांति एवं कानून व्यवस्था प्रभावित करने वाले 22 महिलाओं एवं 29 पुरुषों सहित कुल 51 लोगों के विरुद्ध पुलिस द्वारा की कानूनी कार्रवाई । pic.twitter.com/xRpXg307m5
— Haridwar Police Uttarakhand (@haridwarpolice) July 2, 2026
पथरी थाना प्रभारी रविंद्र सिंह के अनुसार, ऑपरेशन प्रहार के तहत गांव में माहौल खराब करने के मकसद से घरो की छतों पर ईंट-पत्थर रखने के आरोप में 29 पुरुषों और 22 महिलाओं समेत कुल 51 लोगों के विरुद्ध बीएनएसएस की धारा 126/135 के तहत शांतिभंग की कार्रवाई की गई है। घरों की छतों से पत्थर हटवा दिए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक, बीते 23 जून को बोड़ाहेड़ी में आजम व वसीम पक्ष के बीच पानी के विवाद को लेकर हिंसक झड़प हुई थी। इस खूनी संघर्ष के बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर घर में घुसकर हमला, तोड़फोड़ और फायरिंग करने के आरोप लगाए थे। घटना के दौरान दोनों पक्षों द्वारा छतों से एक-दूसरे पर पथराव भी किया गया था।
पुलिस के अनुसार, खुफिया विभाग और मुखबिर तंत्र द्वारा सूचना मिली थी, कि गांव में दोनों पक्षों के बीच फिर से बड़ा झगड़ा हो सकता है। दोनों पक्षों द्वारा घर की छतों पर ईंट पत्थर जमा करने की सूचना पर पुलिस गांव में पहुंची थी। पुलिस का कहना है, कि शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए आगे भी असामाजिक तत्वों पर ऐसी सख्ती जारी रहेगी।
