सांकेतिक चित्र
मोबाइल गेम की लत इंसान के दिमाग पर किस कदर हावी हो सकती है, इनका उदाहरण हरिद्वार जिले से सामने आया है। दरअसल, लक्सर कोतवाली क्षेत्र के सुल्तानपुर के सुठारी गांव में मोबाइल गेम की लत एक युवक की जिंदगी पर भारी पड़ गई। बताया जा रहा है, कि युवक ने कथित तौर पर गेम में हजारों रुपए हारने के बाद आत्मघाती कदम उठा लिया।
जानकारी के अनुसार, हरिद्वार जिले के निवासी शोएब पुत्र जुल्फिकार (उम्र 20 वर्ष) का सुल्तानपुर में जूतों का शोरूम है। परिजनों ने उसे दुकान के लिए सामान खरीदने को करीब 40 हजार रुपए दिए थे। बताया जा रहा है, कि युवक मोबाइल में गेम खेलने का आदी था और उसने पूरी रकम गेम में गंवा दी। परिजनों के डर से युवक ने मंगलवार को खौफनाक कदम उठा लिया।
युवक की हालत बिगड़ने पर घरवाले उसे तत्काल नजदीकी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां बुधवार सुबह उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर सुल्तानपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए रुड़की अस्पताल भेज दिया। इस घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
सुल्तानपुर चौकी प्रभारी बीरेंद्र नेगी ने बताया, “निहंदपुर गांव से एक युवक के आत्मघाती कदम उठाने की सूचना मिली थी। जिसकी उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान शोएब पुत्र जुल्फिकार निवासी निहंदपुर सुठारी, उम्र 20 वर्ष के रूप में हुई है। पंचनामा भर दिया गया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
पुलिस ने लोगों से अपील की है, कि सभी अपने बच्चों का ध्यान रखें, कि वो मोबाइल में कौन सा गेम खेल रहा है। कई गेम पहले फ्री में खिलाते हैं, फिर टास्क पूरा करने के लिए रुपए मांगते हैं। जिसके चलते वो पैसे गंवा बैठते हैं। इसके अलावा स्मार्टफोन की जरूरत से ज्यादा लत युवाओं का मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य खराब कर रही है।
