भारत की पहली बुलेट ट्रेन (फोटो साभार: ANI)
भारतीय रेलवे जल्द ही देश को उसकी पहली बुलेट ट्रेन की सौगात देने की तैयारी में जुटा है। इसी बीच रेल मंत्रालय के गेट नंबर-4 पर लगाई गई बुलेट ट्रेन की तस्वीर लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र बन गई है। यह तस्वीर मुंबई-अहमदाबाद हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर परियोजना की झलक पेश करती है।
गौरतलब है, कि बुलेट ट्रेन को भारत के सबसे बड़े और आधुनिक रेलवे प्रोजेक्ट्स में गिना जा रहा है। लगभग 508 किलोमीटर लंबे इस कॉरिडोर पर बुलेट ट्रेन 320 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ेगी। इसके शुरू होने के बाद मुंबई से अहमदाबाद का सफर केवल दो घंटे में पूरा किया जा सकेगा, जबकि अभी इस दूरी को तय करने में छह से आठ घंटे तक लग जाते हैं।
इस परियोजना को जापान के तकनीकी और वित्तीय सहयोग से विकसित किया जा रहा है। बुलेट ट्रेन कॉरिडोर पर मुंबई, ठाणे, विरार, बोइसर, वापी, बिलिमोरा, सूरत, भरूच, वडोदरा, आनंद, अहमदाबाद और साबरमती सहित कुल 12 स्टेशन बनाए जा रहे हैं। इसके साथ ही ट्रेन में यात्रियों को विश्वस्तरीय सुविधाएँ मिलेंगी।
A picture of the country's first proposed bullet train has been displayed at the Ministry of Railways. The picture has been installed at Gate Number 4: Indian Railways pic.twitter.com/LcbwMstDuw
— ANI (@ANI) May 18, 2026
इसके साथ ही अत्याधुनिक सिग्नलिंग सिस्टम और भूकंपरोधी तकनीक का इस्तेमाल किया जा रहा है, ताकि यात्रा पूरी तरह सुरक्षित और तेज हो सके। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव हाल ही में परियोजना की प्रगति की समीक्षा कर चुके हैं। उन्होंने इसे विकसित भारत की दिशा में बड़ा कदम बताया।
बुलेट ट्रेन परियोजना की शुरुआत वर्ष 2017 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और जापान के तत्कालीन प्रधानमंत्री शिंजो आबे ने अहमदाबाद में शिलान्यास के साथ की थी। कोविड और अन्य तकनीकी चुनौतियों के कारण परियोजना की समय सीमा आगे बढ़ी, लेकिन अब उम्मीद की जा रही है कि वर्ष 2027-28 तक देश की पहली बुलेट ट्रेन पटरी पर दौड़ती नजर आएगी।
