राज्यसभा चुनाव 2026
राज्यसभा चुनाव 2026 की तारीकों का ऐलान हो गया है। चुनाव आयोग ने बुधवार को 10 राज्यों की राज्यसभा की 37 सीटों के लिए चुनाव कार्यक्रम की घोषणा कर दी है। इन सीटों के लिए मतदान 16 मार्च 2026 को कराया जाएगा। यह चुनाव उन सदस्यों के स्थान पर हो रहा है, जिनका कार्यकाल 2 अप्रैल से 9 अप्रैल के मध्य समाप्त हो रहा है।
चुनाव आयोग द्वारा राज्यसभा चुनाव के संबंध में जारी शेड्यूल के मुताबिक, नोटिफिकेशन 26 फरवरी 2026 को जारी किया जायेगा। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 5 मार्च है। जबकि नाम वापस लेने की आखिरी तारीख 9 मार्च है। राज्यसभा चुनाव के लिए 16 मार्च की सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक वोटिंग होगी। मतदान के बाद परिणामों की घोषणा की जाएगी।
The Election Commission of India has announced biennial elections to the Council of States (Rajya Sabha) to fill 37 seats from 10 states, with polling scheduled for 16 March 2026. The election process will begin with the issue of notifications on 26 February 2026, and counting of… pic.twitter.com/sdpj7D15uA
— SansadTV (@sansad_tv) February 18, 2026
इस चुनाव में महाराष्ट्र से सबसे ज्यादा 7 सीटें खाली हो रही हैं। तमिलनाडु की 6, जबकि बिहार और पश्चिम बंगाल की 5-5 सीटों पर चुनाव होंगे। इसके अलावा ओडिशा, असम, हरियाणा, छत्तीसगढ़, तेलंगाना और हिमाचल प्रदेश की सीटें भी शामिल हैं। 2 अप्रैल को ओडिशा से चार राज्यसभा सीटें रिक्त हो रही हैं।
गौरतलब है, राज्यसभा में 2026 में करीब 72 से 75 सीटें खाली हो रही हैं, जो अप्रैल, जून, जुलाई और नवंबर में रिटायरमेंट से होंगी। राज्यसभा एक स्थायी सदन है, जो कभी भंग नहीं होती। इसके एक-तिहाई सदस्य हर दो साल में रिटायर होते हैं। कुल 245 सदस्यों वाली राज्यसभा में 233 सदस्य राज्यों से चुने जाते हैं, जबकि 12 सदस्यों को राष्ट्रपति मनोनीत करते हैं।
बता दें, कि राज्यसभा के सदस्य (सांसद) राज्य की विधानसभा के चुने हुए विधायकों की वोटिंग से चुने जाते हैं। केंद्र में कौन सी पार्टी मजबूत होगी, यह इस बात पर निर्भर करता है, कि हर राज्य की विधानसभा में किस पार्टी के कितने विधायक हैं। अगर विधानसभा में राजनीतिक पार्टी की ताकत बढ़ती है, तो राज्यसभा में भी उसकी सीटें बढ़ती है।

