पंजाबी सिंगर इंदर कौर, फोटो साभार : TOI)
मशहूर पंजाबी सिंगर और एक्ट्रेस इंदर कौर (29 वर्ष) की बेरहमी से हत्या कर दी गई है। करीब 6 दिन पहले उनका अपहरण हुआ था, जिसके बाद अब पुलिस ने उनका शव लुधियाना की नीलो नहर से बरामद किया है। पंजाबी सिंगर का शव बरामद होने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। फिलहाल पुलिस हत्या व अपहरण के एंगल से जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, पंजाबी सिंगर के भाई जोतइंदर सिंह की शिकायत पर पुलिस ने 15 मई को मोगा निवासी सुखविंदर सिंह उर्फ सुक्खा और उसके साथी करमजीत सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया। मृतका के भाई के अनुसार, उनकी बहन 13 मई की रात करीब 8:30 बजे अपनी फोर्ड फिगो कार में सवार होकर ग्रोसरी लेने बाजार गई थी, लेकिन देर रात तक घर वापस नहीं लौटी।
पीड़ित परिवार ने बताया, कि इंदर कौर की दोस्ती मोगा जिले के गांव भलूर निवासी सुखविंदर सिंह उर्फ सुक्खा से थी। सुखविंदर अब कनाडा में रहता है। आरोप है, कि पहले से शादीशुदा होने के बावजूद सुखविंदर शादी के लिए दबाव बना रहा था।
Ludhiana, Punjab: Punjabi singer Inder Kaur, allegedly kidnapped at gunpoint, was found murdered, with her body recovered from the Neelo canal. Police registered a case against Sukhwinder Singh and Karamjit Singh following a complaint by her family. pic.twitter.com/6TI9TxKwNG
— IANS (@ians_india) May 19, 2026
जांच में यह भी सामने आया है, कि दोनों की दोस्ती तीन साल पहले इंस्टाग्राम पर हुई थी, लेकिन जब इंदर को पता चला कि सुखविंदर शादीशुदा है और उसके बच्चे भी हैं, तो उसने शादी से इनकार कर दिया। बताया जा रहा है, कि इंदर के माता-पिता और दो भाई विदेश में रहते हैं, जबकि एक भाई जमालपुर में रहता है।
प्रारंभिक जांच से पता चला है, कि सुखविंदर ने कथित तौर पर गोली मारकर इंदर की हत्या कर दी और शव व कार को नहर में फेंककर कनाडा भाग गया। इस मामले में सुखविंदर के पिता प्रीतम सिंह और उसके दोस्त करमजीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है। हालांकि, मुख्य आरोपी सुखविंदर नेपाल के रास्ते वापस कनाडा भागने में सफल रहा।
गौरतलब है, कि बीते कुछ समय में खिलाड़ियों, सिंगर, अभिनेताओं की हत्या के कई मामले सामने आए है, जिसमें भगवंत मान की सरकार कानून व्यवस्था मामले में फेल होती नजर आ रही है। हैरानी की बात यह है, कि मुख्य आरोपित वारदात को अंजाम देने के तुरंत बाद वापस कनाडा फरार हो गया है। फिलहाल पुलिस वारदात में शामिल फरार आरोपितों की तलाश में जुटी है।
बता दें, कि इंदर कौर उर्फ यशिंदर कौर मूल रूप से पंजाब के लुधियाना के अंतर्गत जमालपुर की रहने वाली थी और पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री में एक उभरता हुआ चेहरा थी। उन्होंने ‘सोहना लगदा’, ‘सोने दी चिड़ी’, ‘अफगान जट्टी’ और ‘किसान एंथम 2’ जैसे कई हिट गानों में अपनी आवाज दी थी। उन्होंने मशहूर गायक गिप्पी ग्रेवाल के साथ ‘सोने दी वंग’ गाना भी गाया था।
