ऋषिकेश में महिला से छेड़छाड़ पर गुस्साई भीड़,(फोटो साभार: सोशल मीडिया)
ऋषिकेश में कार सवार हरियाणा के पर्यटकों की स्थानीय लोगों ने बुरी तरह पिटाई कर दी। आरोप है, कि पर्यटक कार में बैठकर महिला को छेड़ने का प्रयास कर रहे थे। पर्यटकों की इस हरकत का जब स्थानीय लोगों को पता चला, तो उन्होंने छेड़खानी कर रहे मनचलों को सड़क पर घसीटते हुए जमकर पीटा और उनके कपड़े भी फाड़ डाले।
घटना बीते बुधवार 20 मई शाम की बताई जा रही है। काली की ढाल पर हरिद्वार की ओर से ऋषिकेश आ रही एक कार पर सवार पर्यटकों का स्थानीय लोगों से विवाद हो गया। विवाद तब शुरू हुआ, जब एक महिला ने आरोप लगाया, कि पेट्रोल पंप के सामने डिवाइडर पर कार के धीमी होने पर उसमें सवार पर्यटकों ने अश्लील इशारे किए और फिर छेड़खानी का प्रयास भी किया।
मामला स्थानीय लोगों के संज्ञान में आने के बाद उनका गुस्सा भड़क गया और उन्होंने पर्यटकों की इस हरकत का विरोध किया। इस दौरान पर्यटक भी कार से उतरे और आरोपों को झूठलाते हुए स्थानीय लोगों के साथ उलझने लगे। इस बीच विवाद इतना ज्यादा बढ़ गया, कि गुस्साए लोगों ने पर्यटकों की कार को निशाना बनाया और पत्थरों से कार को क्षतिग्रस्त कर दिया।
मौके पर हंगामा इतना अधिक बढ़ गया, कि लोगों ने पर्यटकों की इस कदर जमकर पिटाई कर दी, कि एक पर्यटक लहूलुहान हो गया। जबकि, दूसरे पर्यटक के कपड़े तक फट गए और वो पूरा नग्न हो गया। उसके बाद भी लोग उसे पीटते हुए नजर आए। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें भीड़ दो युवकों को नग्न कर पीटती नजर आ रही है।
वायरल वीडियो में यह भी कहा जा रहा है, कि युवक कार में बैठकर 13-14 साल की लड़कियों के साथ अश्लील हरकत कर रहे थे। वहीं मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह विवाद को शांत किया और पर्यटकों को पहले अस्पताल ले जाकर मेडिकल कराया और फिर उन्हें चौकी ले गई।
फिलहाल, पर्यटकों ने पुलिस को किसी भी प्रकार की शिकायत देकर कार्रवाई की मांग नहीं की है। वहीं, मामले में आरोप लगाने वाली महिला ने भी पुलिस को किसी भी प्रकार की शिकायत नहीं दी है। बताया जा रहा है, कि युवक कार लेकर ऋषिकेश से निकल चुके हैं।
इस घटना के संबंध में वरिष्ठ उप निरीक्षक, कोतवाली ऋषिकेश भारत सिंह ने बताया, “मामला संज्ञान में आया है। पुलिस घटनास्थल की सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। जिस भी पक्ष की गलती सामने आएगी, उस पर कार्रवाई होगी। हालांकि, पर्यटकों ने अपने ऊपर लगे आरोपों को गलत बताया है, फिर भी मामले की बारीकी से जांच की जा रही है।”
