प्रदेश में बदला मौसम का मिजाज, (प्रतीकात्मक चित्र)
उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम का मिजाज बदलने वाला है। जबकि मैदानी इलाकों में कोहरा छाने से ठंड बढ़ेगी, तो वहीं पहाड़ों में शीत लहर ठिठुरन वाली ठंड लाएगी। मौसम विभाग ने 4 और 5 नवंबर को राज्य के कई पर्वतीय जिलों में बारिश होने की संभावना जताई है। तापमान लुढ़कने के साथ ठंड में वृद्धि हो सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार, मौसम विभाग ने 4 और 5 नवंबर को उत्तराखंड के 5 जिलों में बारिश की संभावना जताई है। जबकि ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी होने के आसार हैं। गढ़वाल मंडल के उत्तरकाशी, चमोली और रुद्रप्रयाग में बारिश की आशंका है। हालांकि ये बारिश कहीं-कहीं और बहुत हल्की से हल्की होगी। इस दौरान बादल गरजेंगे तो बिजली भी चमकेगी।
दिनांक 03.11.2025 को जारी उत्तराखंड राज्य हेतु मौसम पूर्वानुमान एवं चेतावनी pic.twitter.com/GsHC68Zes5
— Meteorological Centre Dehradun (@mcdehradun) November 3, 2025
वहीं कुमाऊं मंडल के दो जिलों बागेश्वर और सीमांत पिथौरागढ़ में भी बारिश होगी। जबकि 8 जिलों में मौसम शुष्क रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार, दो दिन की बारिश के बाद 6 से 8 नवंबर तक पूरे राज्य में मौसम शुष्क रहने का अनुमान लगाया गया है। हालांकि पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी होने से ठिठुरन वाली ठंड बढ़ सकती है।
गौरतलब है, कि प्राकृतिक सौंदर्य से भरपूर उत्तराखंड में नवंबर का महीना धीरे-धीरे सर्दियों की ओर कदम बढ़ा रहा है। मौसम विभाग ने संकेत दिए है, कि जल्द ही एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने वाला है, जिससे कहीं-कहीं हल्की बारिश या ऊँचे इलाकों में बर्फबारी की संभावना बन सकती है। इससे मैदानी इलाकों में दिन के समय मौसम आरामदायक रहेगा, लेकिन ऊँचे इलाकों में सुबह ठंड काफी बढ़ सकती है।
