
सांकेतिक चित्र (फोटो साभार: freepik.com)
भारतीय रेल में सफर करने वाले यात्रियों के लिए एक अहम खबर है। रेलवे मंत्रालय यात्रियों की सुविधा के लिए कई तरह के बदलाव की तैयारी कर रहा है। इसके तहत सबसे बड़ा परिवर्तन आरक्षण प्रणाली में किया जायेगा। यात्रियों को ट्रेन खुलने से 8 घंटे पहले पता चल जाएगा, कि उनका टिकट कन्फर्म है या नहीं। बताया जा रहा है, कि नई प्रणाली वर्तमान क्षमता से लगभग दस गुना ज्यादा सक्षम होगी।
जानकारी के अनुसार, 1 जुलाई से कई नियमों में बदलाव हो रहे हैं। अभी आरक्षण चार्ट ट्रेन छूटने से चार घंटे पहले तैयार होता है, जिससे प्रतीक्षा सूची वाले यात्रियों को असुविधा होती है, लेकिन अब रिजर्वेशन चार्ट को लेकर भी नया नियम आया है। ट्रेन के रवाना होने से ठीक 8 घंटे पहले रिजर्वेशन चार्ट तैयार कर दिया जाएगा। बता दें, कि पहले ये चार्ट 4 घंटे पहले बनता था।
नए नियम से यात्रियों को ये पहले से पता चल जाएगा, कि उनका टिकट कंफर्म हुआ है या नहीं। अगर टिकट वेटिंग में रहा, तो उनके पास दूसरा ऑप्शन चुनने के लिए पूरे 8 घंटे का समय होगा। दोपहर 2 बजे से पहले चलने वाली ट्रेनों का चार्ट तो रात 9 बजे ही तैयार कर दिया जाएगा। नई आरक्षण प्रणाली को आसान बनाने का काम सेंटर फार इन्फार्मेशन सिस्टम को दिया गया है।
गौरतलब है, कि रेलवे मंत्रालय यात्रियों की सुविधाओं के लिए लगातार नए कदम उठा रहा है। इसी क्रम में रेलवे के तत्काल टिकट बुकिंग के नियमो में भी बदलाव किये गए है। अब 1 जुलाई से सिर्फ आधार-वेरिफाइड यूजर्स ही आईआरसीटीसी वेबसाइट या फिर ऐप के जरिए तत्काल बुकिंग कर पाएंगे। इसके अलावा आरक्षण फार्म अलग-अलग भारतीय भाषाओं में भरा जा सकेगा।
अपनी पसंद की सीट चुनने का भी ऑप्शन होगा. दिव्यांगजनों, छात्रों और मरीजों के लिए विशेष सुविधाएं होंगी। इसके अलावा जुलाई महीने के अंत तक तत्काल टिकट के लिए ओटीपी आधारित सत्यापन भी शुरू कर दिया जाएगा। इसका सत्यापन आधार कार्ड या डिजी लाकर में उपलब्ध अन्य सरकारी आईडी के माध्यम से किया जाएगा।