सांकेतिक चित्र (फोटो साभार: Gemini Canvas /canva) AI Image
जनपद हरिद्वार के लक्सर क्षेत्र में निकाह का वादा करने वाला प्रेमी जब किसी दूसरी युवती से निकाह की तैयारी कर रहा था, तो ऐन वक्त में प्रेमिका ने उसके खिलाफ मोर्चा खोल दिया। प्रेमी की बारात निकलने से ठीक पहले युवती पुलिस चौकी जा पहुंची और तहरीर देकर न्याय व कार्रवाई की गुहार लगाई।
जानकारी के मुताबिक, लक्सर कोतवाली के अंतर्गत सुल्तानपुर निवासी युवती ने पुलिस को दी अपनी तहरीर में बताया, कि भिक्कमपुर चौकी क्षेत्र के गांव निवासी युवक के साथ उसका वर्ष 2020 से उसका प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों के बीच करीब छह सालों तक अफेयर रहा और युवक ने उससे निकाह का वादा किया था।
युवक के भरोसे पर दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ी और इस दौरान युवक ने उसके साथ शारीरिक संबंध भी बनाए। आरोप है, कि पिछले तीन महीने से युवक के व्यवहार में बदलाव आने लगा था। वह निकाह का जिक्र छेड़ने पर लगातार टालमटोल कर रहा था, जबकि दूसरी ओर उसे फोन कर मिलने के लिए बुलाता रहता था।
पीड़िता के अनुसार, निकाह के एक दिन पहले भी युवक ने उसे मिलने के लिए बुलाने की बात कही थी। हालांकि इसी बीच युवती को भनक लगी, कि जिसके साथ वो जिंदगी बिताने के सपने देख रही है, वो 24 नवंबर को दूसरी युवती के साथ निकाह रचाने जा रहा है। यह खबर सुनते ही युवती के होश फाख्ता हो गए।
इसके बाद युवती सीधे सुल्तानपुर पुलिस चौकी पहुंच गई और युवक पर निकाह का झांसा देकर यौन शोषण का आरोप लगाते हुए तहरीर दी। युवती अपनी मांग पर अड़ी रही और प्रेमी से ही निकाह करने की बात कही। बताया जा रहा है, कि मौके पर लोगों ने उसे समझाने की कोशिशें भी की, लेकिन प्यार में धोखा खाई युवती अपनी जिद पर कायम रही।
सुल्तानपुर चौकी प्रभारी वीरेंद्र सिंह नेगी के मुताबिक, युवती द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और शिकायत के आधार पर युवक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
बताया जा रहा है, कि पुलिस ने मामले में युवक को पूछताछ के लिए चौकी बुलाया था, लेकिन वह खुद चौकी नहीं पहुंचा। उसकी जगह कुछ अन्य लोग चौकी पहुंचे। वहीं प्रेमी के चौखट से बारात निकलने से ठीक पहले प्रेमिका के पुलिस चौकी पहुंचने से दोनों पक्षों में हड़कंप मच गया है।
फिलहाल, यह मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। हालांकि, मामले में आगे क्या कार्रवाई होगी, यह पुलिस की जांच और दोनों पक्षों के बयानों के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
