कोटद्वार पहुंचे हादसे में जान गंवाने वाले सैन्य परिवारों के पार्थिव शरीर, (फोटो साभार: जागरण)
गुजरात के भुज-खावड़ा नेशनल हाईवे पर हुए भीषण हादसे में जान गंवाने वाले दो सैनिकों और उनके परिवार के सदस्यों के पार्थिव शरीर सोमवार तड़के सेना के वाहनों से कोटद्वार के कौड़िया स्थित सेना के कैंप में लाए गए। यहां से तिरंगे में लिपटे सैनिकों के पार्थिव शरीर और उनके परिजनों के शव उनके आवासों पर पहुंचाए गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, द्वितीय गढ़वाल राइफल्स में तैनात नायक सौरभ सिंह नेगी (30), उनकी पत्नी सविता नेगी (30) और तीन माह की मासूम बेटी शिविका के पार्थिव शरीर पदमपुर सुखरो के ध्रुवपुर स्थित उनके आवास पर ले जाए गए। यहां गढ़वाल राइफल्स के जवानों ने उन्हें सलामी दी।
हादसे में द्वितीय गढ़वाल राइफल्स में तैनात नायक राजेश सिंह रावत (34) और उनकी आठ वर्षीय बेटी रक्षिता की भी जान चली गई। सेना के जवान उनके पार्थिव शरीर लेकर सिमलचौड़ स्थित आवास पहुंचे, तो वहां चीख-पुकार मच गई। इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भी मौके पर पहुंची।
विधानसभा अध्यक्ष ने दिवंगत राजेश सिंह रावत के परिजनों को ढांढस बंधाया और इस दुख की घड़ी में संवेदनाएं व्यक्त की। वहीं, नायक नितिन गुसाईं की पत्नी रिंकी गुसाईं (30) और चार साल की बेटी वामिका के शव मोटाढाक के शिवराजपुर स्थित आवास पर पहुंचाए गए। उनके शव मोहल्ले में पहुंचते ही उपस्थित जनसमुदाय रो पड़ा।
बता दें, कि शनिवार 21 नवंबर रात करीब 10 बजे गुजरात के भुज-खावड़ा नेशनल हाईवे पर भीषण सड़क हादसा हुआ। इस हृदयविदारक घटना में सेना के दो जवान, उनकी पत्नियां और तीन मासूम बच्चों की मौत हुई है। मृतकों में तीन महीने की बच्ची भी शामिल है। यह हादसा ट्रेलर और कार की टक्कर की वजह से हुआ है।
बताया जा रहा है, कि सभी लोग सौरभ की चार वर्षीय पुत्री सानू के जन्मदिवस के मौके पर कच्छ के रण से घूमकर शनिवार रात भुज वापस लौट रहे थे। कोटद्वार के ध्रुव विहार निवासी सौरभ नेगी (31) द्वितीय गढ़वाल राइफल्स में नायक के पद पर तैनात थे।
उनके साथ कोटद्वार के सिम्मलचौड़ निवासी नायक राजेश रावत और मोटाढाक निवासी नायक नितिन गुसांई भी भुज में ही तैनात हैं। वहीं नितिन ड्यूटी होने के कारण परिवार के साथ घूमने नहीं जा पाए।
इस दौरान सौरभ, उनकी पत्नी सविता (30), तीन माह की बेटी शिविका के साथ ही नायक नितिन की पत्नी रिंकी गुसाईं (32) और चार वर्षीय पुत्री वमिका, नायक राजेश रावत व उनकी सात वर्षीय पुत्री रक्षिता एक कार में सवार थे। जबकि दूसरी कार में सौरभ के पिता जयपाल नेगी, उनकी माता, बड़ी बेटी सानू के साथ ही राजेश की पत्नी सवार थे।
सौरभ अपने मित्र की कार लेकर आए थे और खुद ही कार चला रहे थे। दूसरी कार बुकिंग पर ली गई थी, जिस पर कार चालक था। शनिवार रात वेकारिया के रेगिस्तानी इलाके में सौरभ की कार अचानक अनियंत्रित हो गई और सामने से आ रहे ट्राले में जा घुसी।
बताया जा रहा है, कि यह टक्कर इतनी तेज थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसके दो टुकड़े हो गए। दुर्घटना के बाद घटनास्थल का मंजर हृदयविदारक हो गया। सड़क पर शव बिखरी हुई हालत में पड़े थे। हादसे के बाद हाईवे पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का भी माहौल हो गया था।
