सांकेतिक चित्र
इंटरनेट मीडिया पर चमकती त्वचा के दावों के झांसे में फंसकर ऑनलाइन फेयरनेस क्रीम खरीदना 17 वर्षीय युवती को भारी पड़ गया। युवती ने इंस्टाग्राम पर इन्फ्लुएंसर्स के विज्ञापन देखकर व्हाट्सएप के माध्यम से एक नाइट-फेयरनेस क्रीम मंगवाई थी, जो मुंहासे और दाग-धब्बे हटाने का दावा करती थी।
जानकारी के अनुसार, घटना केरल के मलप्पुरम से सामने आई है। युवती ने लगभग एक साल तक इस क्रीम की कई बोतलों का नियमित उपयोग किया। फेयरनेस क्रीम के लगातार इस्तेमाल के कुछ समय बाद किशोरी की तबीयत बिगड़ने लगी। उसका ब्लड प्रेशर अचानक कम होने लगा और उसे चक्कर आकर बेहोशी आने लगी।
इसके अलावा उसके पैरों में काफी सूजन आ गई, जिससे चलना और सीढ़ियां चढ़ना भी मुश्किल हो गया। हालत बिगड़ने पर वह इलाज के लिए अस्पताल पहुंची। मलप्पुरम स्थित एस्टर मिम्स मदर अस्पताल के डॉक्टरों के मुताबिक, जांच में उसके खून में पारे का स्तर खतरनाक रूप से बढ़ा हुआ पाया गया।
A 17-year-old girl in Keralam has developed a serious kidney ailment allegedly after using an online-promoted fairness cream. Doctors at Aster MIMS Mother Hospital in Malappuram found dangerously high mercury levels in her body, with tests reportedly detecting 12,500 ppm of mercury in the cream against the permissible limit of less than 1 ppm. The girl was diagnosed with membranous nephropathy. The Keralam State Commission for Protection of Child Rights has registered a suo motu case and sought reports from concerned authorities. Her family is considering legal action against the company.
#Kerala #KidneyDisease #FairnessCream #MercuryPoisoning #ChildRightsCommission #IndiaTodaySocial
— IndiaToday (@IndiaToday) November 22, 2026
युवती का इलाज कर रहीं नेफ्रोलॉजिस्ट डॉ. एस. गौरी के अनुसार, पारा किडनी की फिल्टरिंग इकाइयों को गंभीर रूप से नुकसान पहुंच सकता है। डॉ. गौरी ने बताया, कि युवती को ‘मेम्ब्रेनस नेफ्रोपैथी’ की समस्या है, जो किडनी की एक गंभीर स्थिति है और समय पर इलाज न होने पर यह आगे चलकर और भी जटिलताएं पैदा कर सकती है।
केरल राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग ने घटना का स्वत: संज्ञान लेते हुए मामले में एफआईआर दर्ज करवाई है। पुलिस ने पीड़िता के बयान और मेडिकल रिकॉर्ड दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही केरल के औषधि नियंत्रण विभाग ने नकली और जहरीले कॉस्मेटिक्स के खिलाफ स्कूली छात्रों को जागरूक करने की घोषणा की है।
त्वचा विशेषज्ञों और नेफ्रोलॉजिस्ट्स के अनुसार, क्रीम में मौजूद पारा त्वचा के माध्यम से खून में अवशोषित हो जाता है और सीधे किडनी की फिल्टरिंग इकाइयों (नेफ्रॉन्स) पर हमला करता है। इससे पेशाब के जरिए शरीर का जरूरी प्रोटीन बाहर निकलने लगता है और वक्त पर इलाज न मिलने पर किडनी हमेशा के लिए फेल हो सकती है।
विशेषज्ञों के अनुसार, जो उत्पाद रातों-रात या कुछ ही दिनों में त्वचा गोरी करने का दावा करते हैं, उनमें अक्सर स्टेरॉयड, हाइड्रोक्विनोन या अत्यधिक मात्रा में पारा मिलाया जाता है। किसी भी नए कॉस्मेटिक का उपयोग करने से पहले प्रमाणित त्वचा विशेषज्ञ से सलाह लेना किडनी और त्वचा दोनों की सुरक्षा के लिए आवश्यक है।
