सीएम योगी आदित्यनाथ की माता जी के निधन पर CM धामी ने जताया दुख
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता सावित्री देवी का निधन हो गया है। उन्होंने शुक्रवार सुबह 11 बजे पौड़ी जिले के यमकेश्वर ब्लॉक स्थित अपने पैतृक गांव पंचूर में अंतिम सांस ली। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ की माताजी के निधन पर शोक प्रकट किया है।
सीएम धामी ने सोशल मीडिया पर अपने शोक संदेश में कहा, “यह समाचार अत्यंत दुःखद एवं हृदयविदारक है। मां का स्नेह, आशीर्वाद और ममता जीवन की सबसे अनमोल पूंजी होती है। उनका जाना परिवार के लिए एक अपूरणीय क्षति है।”
उत्तर प्रदेश के आदरणीय मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी की पूज्य माताजी श्रीमती सावित्री देवी जी के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद एवं हृदयविदारक है।
माँ का स्नेह, आशीर्वाद और ममता जीवन की सबसे अनमोल पूंजी होती है। उनका जाना परिवार के लिए एक अपूरणीय क्षति है।
बाबा केदार से प्रार्थना है कि दिवंगत पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा माननीय योगी जी सहित समस्त शोकाकुल परिजनों को इस असीम दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।
ॐ शांति! 🙏
— Pushkar Singh Dhami (@pushkardhami) November 20, 2026
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बाबा केदार से प्रार्थना की है कि दिवंगत की पुण्यात्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान प्रदान करें तथा माननीय योगी जी सहित समस्त शोकाकुल परिजनों को इस असीम दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करें।
जानकारी के अनुसार, कल शनिवार को हरिद्वार में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। खबर मिलते ही सीएम योगी पैतृक गांव के लिए रवाना हो गए हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अपनी मां से आखिरी मुलाकात इसी साल मई में हुई थी। वह अपने दो दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर 7 मई को पैतृक गांव पंचूर पहुंचे थे।
इस दौरान उन्होंने गांव में आयोजित धार्मिक कार्यक्रमों में हिस्सा लिया और परिजनों से मुलाकात की। 8 मई को कार्यक्रमों के बाद वह अपने पैतृक आवास पहुंचे, जहां उन्होंने मां सावित्री देवी का आशीर्वाद लिया था। बीते महीनों में उनका स्वास्थ्य कई बार खराब हुआ था। तब यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ उन्हें देखने अस्पताल भी पहुंचे थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, योगी आदित्यनाथ की माताजी सावित्री देवी की उम्र 91 साल थी। अधिक उम्र के चलते उनको स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं अक्सर होती रहती थी। मई 2024 को उनकी खराब सेहत के चलते एम्स ऋषिकेश में भी भर्ती कराया गया था। तब सावित्री देवी जिरियाट्रिक वार्ड में भर्ती थी।
