CM धामी ने अंतरराष्ट्रीय प्रकृति पथ साइकिल यात्रा के समापन कार्यक्रम में किया प्रतिभाग
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को शासकीय आवास में आयोजित कार्यक्रम में पद्म भूषण डॉ. अनिल प्रकाश जोशी के नेतृत्व में निकाली गई 47 दिवसीय अंतरराष्ट्रीय प्रकृति पथ साइकिल यात्रा-2026 के समापन कार्यक्रम में प्रतिभाग किया।
इस अवसर पर सीएम धामी ने डॉ. जोशी एवं यात्रा में शामिल सभी साइकिल यात्रियों का स्वागत एवं अभिनंदन करते हुए उन्हें इस महत्वपूर्ण अभियान की सफलता के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा, कि डॉ. जोशी द्वारा 47 दिनों तक साइकिल यात्रा करना प्रकृति एवं पर्यावरण संरक्षण के प्रति उनके समर्पण, दृढ़ इच्छाशक्ति और संकल्प का प्रेरणादायी उदाहरण है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा, कि यह यात्रा केवल लंबी दूरी तय करने का अभियान नहीं, बल्कि जल, जंगल, जमीन और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के प्रति समाज को जागरूक करने का एक सार्थक प्रयास है।
शासकीय आवास पर प्रसिद्ध पर्यावरणविद् पद्मभूषण डॉ. अनिल प्रकाश जोशी जी के नेतृत्व में निकाली गई 47 दिवसीय अंतर्राष्ट्रीय प्रकृति पथ साइकिल यात्रा-2026 के समापन कार्यक्रम के दौरान यात्रा में शामिल सभी साइकिल यात्रियों का स्वागत कर इस महत्वपूर्ण अभियान की सफलता के लिए बधाई दी।
जनकपुर धाम (नेपाल) से प्रारंभ हुई इस यात्रा में 3,000 किलोमीटर से अधिक की दूरी तय कर 25 से अधिक जिलों और 150 से अधिक गांवों तक जल, जंगल और जमीन के संरक्षण का संदेश पहुंचाया गया। विकास और पर्यावरण एक-दूसरे के विरोधी नहीं, बल्कि इनके बीच संतुलन स्थापित करना समय की आवश्यकता है। उत्तराखण्ड की प्राकृतिक संपदा, हिमालय, नदियों, वनों और जैव विविधता का संरक्षण हमारी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।
इस अवसर पर 28 से 30 नवंबर तक देहरादून में आयोजित होने वाले विश्व आपदा प्रबंधन सम्मेलन-2026 के पोस्टर का भी विमोचन किया।
— Pushkar Singh Dhami (@pushkardhami) November 17, 2026
सीएम धामी ने कहा, कि भारत और नेपाल के बीच सदियों पुराने सांस्कृतिक, धार्मिक एवं सामाजिक संबंध रहे हैं। जनकपुर धाम और अयोध्या का संबंध हमारी साझा सांस्कृतिक विरासत तथा रोटी-बेटी के आत्मीय रिश्तों का प्रतीक है। उन्होंने कहा, कि दोनों देशों की भौगोलिक एवं प्राकृतिक परिस्थितियां भी एक-दूसरे से जुड़ी हुई हैं। ऐसे में पर्यावरण संरक्षण और प्राकृतिक आपदाओं से बचाव के लिए सामूहिक प्रयास अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने कहा, कि विकास और पर्यावरण एक-दूसरे के विरोधी नहीं हैं। आवश्यकता इस बात की है कि प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण करते हुए विकास की योजनाओं को आगे बढ़ाया जाए। ग्रॉस एनवायरनमेंट प्रोडक्ट की अवधारणा को महत्वपूर्ण बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, कि यह प्राकृतिक संसाधनों और पर्यावरण की गुणवत्ता के आकलन के माध्यम से विकास एवं पर्यावरण के बीच संतुलन स्थापित करने की दिशा में उपयोगी सिद्ध हो सकती है।
मुख्यमंत्री ने कहा, कि उत्तराखंड की पहचान यहां की समृद्ध प्राकृतिक संपदा, हिमालय, नदियों, वनों और जैव विविधता से है। राज्य सरकार पर्यावरण संरक्षण को विकास की प्राथमिकताओं में शामिल करते हुए निरंतर कार्य कर रही है। नौले-धारे, चाल-खाल, पारंपरिक जल स्रोतों तथा प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण जनभागीदारी के माध्यम से आगे बढ़ाना राज्य सरकार का विकल्प रहित संकल्प है।
उन्होंने कहा, कि इस दिशा में महिलाओं और युवाओं की सक्रिय भागीदारी विशेष रूप से महत्वपूर्ण है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 28 से 30 नवंबर 2026 तक देहरादून में आयोजित होने वाले विश्व आपदा प्रबंधन सम्मेलन-2026 के पोस्टर का भी विमोचन किया।
यू-कॉस्ट के महानिदेशक प्रो. दुर्गेश पंत ने बताया, कि सिलक्यारा सुरंग में फंसे 41 श्रमिकों के सफल एवं सुरक्षित बचाव अभियान की तीसरी वर्षगांठ के उपलक्ष्य में इस सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है।
