उधमसिंहनगर में किडनैपिंग की सीसीटीवी फुटेज, (फोटो साभार: जागरण)
उधमसिंह नगर के किच्छा में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब दिनदहाड़े बोलेरो सवार युवकों ने लेनदेन के विवाद में बाजपुर के युवक को एचडीएफसी बैंक के सामने कार से खींचकर सड़क पर गिरा दिया और फिर लात-घूंसों से उसकी पिटाई की। कुछ देर बाद जबरन उसे बोलेरो में डालकर उठा ले गए।
पुलिस के मुताबिक, बाजपुर क्षेत्र के इटऊआ निवासी हरजिंदर सिंह पुत्र रतन सिंह सोमवार को अपने साथी संदीप के साथ किच्छा कार से आए हुए थे। इसी बीच एचडीएफसी बैंक के पास बोलेरो सवार युवकों ने हरजिंदर की स्विफ्ट कार के आगे अपनी बोलेरो लगा रास्ता रोक लिया।
बोलेरो वाहन में सवार युवकों ने हरजिंदर को घेर लिया और जबरन अपनी गाड़ी में बैठाने लगे। इस दौरान जब हरजिंदर ने मौके से भागने का प्रयास किया, तो आरोपित उसे जबरन गाड़ी में बैठाकर ले गए। साथ ही आरोपियों का एक साथी हरजिंदर की स्विफ्ट डिजायर कार लेकर वहां से निकल गया।
ऊधमसिंह नगर के किच्छा में दिनदहाड़े युवक की किडनैपिंग की घटना सामने आई। रुद्रपुर रोड स्थित बैंक के सामने बोलेरो सवार कुछ युवक पहुंचे और कार में बैठे हरजिंदर सिंह को जबरन अपने साथ ले गए। आरोपी उसकी स्विफ्ट डिजायर कार भी लेकर फरार हो गए। पूरी घटना बैंक के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। बताया जा रहा है कि हरजिंदर सिंह का कुछ युवकों के साथ पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगालते हुए आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस की घेराबंदी के बाद आरोपी नगला तिराहे के पास युवक और उसकी कार को छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने युवक और कार को बरामद कर लिया है। फिलहाल आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
.
.
#Rudrapur #KidnappingCase #CrimeNews #PoliceRescue #NewsPage— NEWS PAGE (@UKNEWSPAGE) November 17, 2026
दिनदहाड़े हुई वारदात बैंक के सामने लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस सक्रिय हुई और कोतवाल रवि कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही बोलेरो वाहन की तलाश शुरू की।
इस बीच पुलिस की घेराबंदी को देखते हुए आरोपी नगला तिराहे के पास अगवा युवक हरजिंदर और उसकी कार को छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने युवक और वाहन को अपने कब्जे में लेकर राहत की सांस ली। इसके बाद आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों ने संभावित ठिकानों में दबिश दी।
सीओ सितारगंज दौलत राम वर्मा ने बताया, प्रारंभिक जांच में दो पक्षों के बीच पैसों के लेनदेन का विवाद सामने आया है। युवक को जबरन ले जाने और मारपीट किए जाने की जानकारी सामने आई है। युवक को सकुशल बरामद कर लिया गया है। मामले की जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
वहीं किच्छा के व्यस्त सड़क पर दिनदहाड़े हुई इस वारदात से मौके पर हड़कंप मच गया। जिस फिल्मी अंदाज में बोलेरो सवार युवक एक व्यक्ति को जबरन अपने साथ ले गए और उसकी कार भी लेकर फरार हो गए, उससे लोगों में दहशत का माहौल है। फिलहाल पुलिस आरोपितों की तलाश में जुटी हुई है।
