यूट्यूबर अनुराग डोभाल फिर अरेस्ट, (फोटो साभार: X@DehradunPolice)
बिग बॉस फेम और यूट्यूबर अनुराग डोभाल को दून पुलिस ने फिर से गिरफ्तार किया है। अनुराग और उसके साथियों पर देहरादून के नेहरू कॉलोनी थाने में चचेरे साले के अपहरण और उसके साथ मारपीट का मुकदमा दर्ज हुआ था। पुलिस ने विवेचना के दौरान अपहरण की धारा भी बढ़ाई थी।
पुलिस के मुताबिक, टी स्टेट बंजारावाला निवासी राज सिंह चौहान ने छह अक्तूबर को नेहरू कॉलोनी थाने में तहरीर दी थी, कि अनुराग और उसके साथियों ने उसे मिलने के बहाने हरिद्वार बाईपास रोड पर बुलाया और जबरन कार में डालकर मारपीट की। इसके अलावा जान से मारने की नीयत से उसका अपहरण करने का भी प्रयास भी किया।
तहरीर के आधार पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की थी। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर नेहरू कॉलोनी पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की। टीम ने 8 अक्टूबर को सुद्धोवाला, प्रेमनगर क्षेत्र में दबिश देकर अनुराग समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
विवेचना के दौरान सामने आए साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने इसमें अपहरण की धारा और सामूहिक आपराधिक कृत्य से संबंधित धारा भी बढ़ाई। गिरफ्तार आरोपियों में अनुराग डोभाल (29), अभिषेक (22), अभय चौधरी (23) और कुर्बान (23) शामिल हैं।
#थाना_नेहरू_कॉलोनी
एसएसपी दून के नेतृत्व में दून पुलिस का बडा एक्शन
युवक का अपहरण कर उसके साथ मारपीट करने वाले यू-ट्यूबर सहित 04 अभियुक्तों को दून पुलिस ने किया गिरफ्तार https://t.co/3WKFKmneEv
— Dehradun Police Uttarakhand (@DehradunPolice) October 8, 2026
बता दें, कि देहरादून में एक कार कंपनी के शोरूम में नौकरी करने वाले अनुराग के चचेरे साले राज सिंह चौहान ने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया है, कि सोमवार 5 अक्टूबर की शाम अनुराग डोभाल कुछ युवकों के साथ उससे मिलने पहुंचा था। काम में व्यस्त होने के कारण उन्होंने बाद में मिलने की बात कही।
इसके बाद रात करीब 8 बजे वह एक कैफे पहुंचे, जहां अनुराग और उसके साथी कार में मौजूद थे। बातचीत के दौरान अनुराग डोभाल ने कथित धमकी देते हुए कहा, कि उसने दो मर्डर किए हैं और उसका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता। आरोप है, कि इसके बाद अनुराग ने पीछे से राज का गला दबाया और उसका मोबाइल छीनने की कोशिश की।
पीड़ित ने बताया, कि मोबाइल नहीं छीन पाने पर अनुराग ने अपने साथियों से उसे जान से मारने के लिए कहा गया। इसके बाद मौके पर मौजूद युवकों ने उस पर लोहे की रॉड और डंडों से हमला किया। आरोप है, कि उन्हें वाहन से कुचलने का भी प्रयास किया गया। मारपीट के दौरान एक आरोपी ने चाकू और बंदूक दिखाकर उसे धमकाया।
पीड़ित का यह भी कहना है, कि मारपीट के दौरान उन्हें और उनके पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई। इसके बाद पुलिस ने चारों आरोपियों को हिरासत में लिया और मारपीट में घायल राज सिंह चौहान को मेडिकल परीक्षण के लिए दून हॉस्पिटल भेजा था। हालांकि इस मामले में अनुराग और उसके साथियों को जमानत मिल गई थी।
